Dhoni: सिटी बजाते और ई रिक्शा की सवारी करते नजर आए धौनी, CM हेमंंत संग की गलबहियां
Jharkhand. रांची के जेएससीए स्टेडियम में सोलर पावर सुविधा सी थ्री फिटनेस हब तथा अपटाउन कैफे के उद्घाटन कार्यक्रम में धौनी पूरी मस्ती के मूड में नजर आए।
रांची, [जागरण स्पेशल]। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी बुधवार को पूरे मस्ती के मूड में नजर आए। वह एक ओर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और बीसीसीआइ के पूर्व कार्यवाहक सचिव रहे अमिताभ चौधरी के साथ सोलर रिक्शा में घूमते दिखे, वहीं दूसरी ओर कच्चे प्याज की डंटी तोड़कर सिटी बजाने की कोशिश की। मौका था रांची के जेएससीए स्टेडियम में सोलर पावर सुविधा, सी थ्री फिटनेस हब तथा अपटाउन कैफे के उद्घाटन का।
धौनी पहले पहुंच गए स्टेडियम, चला सेल्फी का दौर
समारोह दोपहर सवा तीन बजे से शुरू होना था। इसे केंद्र में रखकर महेंद्र सिंह धौनी लगभग तीन बजे पहुंच गए थे, लेकिन मुख्यमंत्री कार्यक्रम में तीन घंटे 15 मिनट विलंब से पहुंचे। इस दौरान धौनी जेएससीए स्टेडियम में बैठे रहे। कुछ देर समारोह स्थल पर रहने के बाद वे बैडमिंटन हॉल में चले गए। धौनी जबतक रहे, बीच-बीच में धौनी-धौनी के नारों से परिसर गूंजता रहा। युवाओं के साथ-साथ अन्य लोगों ने भी माही के साथ फोटो ली।
धौनी बोले, अपनी खेल क्षमता को विश्वस्तरीय बनाएं
रांची के लाल पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने कहा कि विश्व स्तरीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण के बाद से ही जेएससीए खिलाडिय़ों के गुणवत्तापूर्ण व्यवस्थाओं के लिए कुछ न कुछ नया जोडऩे का कार्य करता रहा है। आज का कार्यक्रम इसी का एक उदाहरण है। धौनी ने खिलाडिय़ों से अपील की कि जेएससीए द्वारा दी जा रही व्यवस्थाओं का उपयोग कर अपनी खेल क्षमता को विश्वस्तरीय बनाएं। उन्होंने युवा खिलाडिय़ों को कठिन परिश्रम कर आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया।
देश का पहला ग्रीन स्टेडियम
रांची का जेएससीए स्टेडियम देश का पहला शत प्रतिशत ग्रीन स्टेडियम बन गया है। 400 किलोवाट का सोलर ऊर्जा लगाने में एक करोड़ 76 लाख रुपये का खर्च आया है। इसमें 52 लाख ज्रेडा से मदद दी गई है। सौर उर्जा लगाने का काम 2017 में इंडो जर्मन इलेक्ट्रो प्रोग्राम के तहत शुरू किया गया था।
इससे पूर्व जेएससीए ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, महेंद्र सिंह धौनी एवं फेडरल रिपब्लिक ऑफ जर्मनी के काउंसलर जनरल माइकल फैनर को स्मृति चिह्न देकर व शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। जेएससीए के अध्यक्ष डॉ. नफीस अख्तर, उपाध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, सचिव संजय सहाय, कंट्री क्रिकेट क्लब के अध्यक्ष राजेश वर्मा, सचिव नरेंद्र सिन्हा आदि ने कार्यक्रम में शिरकत की।