'किसान' धौनी ने की खरबूज-पपीते की ऑर्गेनिक खेती, जागरण के 'भविष्य की रांची' को संबल
बीते दिन रांची में क्रिकेटर महेंद्र सिंह धौनी ने जमकर आउटिंग की। लांग ड्राइव पर पतरातू घाटी में माही ने खुद ड्राइविंग कर सैंकड़ों किमी की दूरी नापी और दोस्तों संग मौज-मस्ती की।
रांची, जागरण स्पेशल। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर महेंद्र सिंह धौनी एक बार फिर चर्चा में हैं। क्रिकेटर से किसान बनने की ओर अग्रसर धौनी वर्ल्ड कप 2019 के बाद से ही क्रिकेट से दूर चल रहे हैं। इस बार माही ने राजधानी रांची के अपने फॉर्म हाउस में ऑर्गेनिक खेती कर सुर्खियां बटोरी हैं। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और रांची के लाडले ने बुधवार को अपनी नई भूमिका दिखाई। अपने फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो साझा कर धौनी ने दैनिक जागरण के भविष्य की रांची अभियान को ऑर्गेनिक फार्मिंग के जरिये संबल भी दिया। सोशल मीडिया पर छा रहे इस वायरल वीडियो में धौनी खरबूज और पपीते की ऑर्गेनिक खेती की शुरुआत करते दिख रहे हैं।
इस वीडियो में धौनी ने बताया कि बीते 20 दिनों में रांची में उन्होंने ऑर्गेनिक खेती को कैसे बढ़ावा दिया है। अपने फॉर्म हाउस में उन्होंने खरबूज और पपीते के बीज लगाए हैं। वे पहली बार अपनी उत्सुकता का जिक्र करते हुए इस मौके पर पूजा-पाठ कर विधिवत किसानी का आयाम गढ़ रहे हैं। यहां उनके साथ कुछ एक्सपर्ट भी मदद करते दिख रहे हैं।
इधर धौनी ने अगले महीने शुरू होने वाले आइपीएल के लिए तैयारियां शुरू कर दी है। रांची के जेएससीए स्टेडियम में वे जमकर पसीना बहा रहे हैं। अपनी फिटनेस बनाए रखने के लिए वे जिम में घंटों कसरत कर रहे हैं। धौनी 2 मार्च को अपनी टीम चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़ेंगे। जेएससीए स्टेडियम में धौनी मैदान-पिच पर काम करते और बल्लेबाजी का अभ्यास करते भी देखे जा सकते हैं। वीडियो में धौनी नेट्स पर बल्लेबाजी करते हुए और रोलर पर बैठकर पिच की रोलिंग करते काफी पसंद किए जा रहे हैं।
क्रिकेटर महेंद्र सिंह धौनी के बारे में कहा जाता है कि वे जब भी रांची में होते हैं, अपने दोस्तों और संगी-साथियों के साथ मौज-मस्ती करने का कोई मौका नहीं छोड़ते। इस बार दोस्तों के साथ पुरानी यादें ताजा करते हुए धौनी पतरातू घाटी में लांग ड्राइव पर निकले। बुधवार को अपनी मर्सीडिज बेंज से रिंग रोड के आगे सैंकड़ों किलोमीटर की दूरी नापी।
इस दौरान धौनी के दोस्त सीमांत लोहानी, चित्तू, रंजन भी साथ रहे। पहले पतरातू घाटी, फिर सिकदरी घाटी और बाद में रिंग रोड की खूबसूरत वादियों का जी भरकर दीदार किया। खुद गाड़ी ड्राइव कर रहे धौनी इस आउटिंग में कई जगह रुके और दोस्तों संग सेल्फी भी ली। इधर धौनी के फेसबुक पोस्ट पर शेयर किए गए एक वीडियो में धौनी काले रंग की टीशर्ट-पैंट पहने जंप करते दिख रहे हैं।