Coronavirus Update: एक तरफ कोरोना, दूसरी ओर दूधमुंहे का रोना; पढ़ें एक मां की विकट स्थिति
Coronavirus Update. बच्चा भी मां के दूध के लिए रोए जा रहा था लेकिन लोगों ने उसे दूध पिलाने से मना कर दिया। डॉक्टर नम्रता प्रिया की सलाह से दूध की व्यवस्था कराई है।
कोडरमा, जासं। एक तरफ कोरोना, दूसरी ओर दूधमुंहे बच्चे का रोना ...। दो महीने के बच्चे की मां के लिए परिस्थिति काफी विकट हो गई जब उसे क्वारंटाइन सेंटर से कोविड अस्पताल ले जाने के लिए प्रशासन का महकमा पहुंचा। महिला अपने दूधमुंहे को छोड़ अस्पताल जाना नहीं चाह रही थी। उसे तो बस बच्चे के लिए दूध की चिंता थी। बच्चा भी मां के दूध के लिए रोए जा रहा था, लेकिन लोगों ने उसे दूध पिलाने से मना कर दिया। शुक्रवार की रात्रि जयनगर में 4 कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के कर्मी सभी को अस्पताल में शिफ्ट कर रहे थे। इसी दौरान उक्त महिला की परिस्थिति देख उनकी भी आंखें भर आई।
संक्रमित महिला को कोविड अस्पताल ले जाने के लिए क्वारंटाइन सेंटर पहुंचा एम्बुलेंस।
जांच रिपोर्ट में महिला कोरोना संक्रमित मिली थी। इसके पूर्व भी जयनगर में 13 कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। चार नए मामलों के बाद जयनगर में कुल 17 कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार ने संक्रमित 3 वर्ष व 7 वर्ष के दो बच्चे सहित उक्त महिला और एक पुरुष को कोडरमा कोविड अस्पताल में भेज दिया है।
इनमें से गोहाल निवासी उक्त महिला का दो माह का बच्चा है। बच्चे की मां को अस्पताल भेजे जाने के बाद बच्चे को दूध भी नसीब नहीं हो रहा था। प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार ने रात के लगभग 1 बजे तक कोरोना योद्धाओं के सहयोग से उक्त बच्चे को प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर नम्रता प्रिया की सलाह से दूध की व्यवस्था कराई है। फिलहाल उक्त बच्चा जयनगर प्रखंड मुख्यालय में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर में अपनी दादी के साथ रह रहा है।