रांची में बंद घर का ताला तोड़कर नकद सहित साढे तीन लाख के जेवरात की चोरी
रांची के रातू इलाके में बेखौफ चोरों ने बंद घर का ताला तोड़कर तीन लाख से अधिक की चोरी कर ली गई।
जागरण संवाददाता, रांची : रांची के रातू इलाके में बेखौफ चोरों ने बंद घर का ताला तोड़कर करीब दो लाख के गहने और नकद डेढ़ लाख रुपये चोरी कर ली। रातू पुलिस थाने में इसकी एफआइआर दर्ज कराई गई है। एफआइआर रातू इलाके के गोविद नगर में रहने वाले रामानुज गुप्ता ने दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह बीते 20 अप्रैल की सुबह करीब 8 बजे अपने सिल्ली स्थित पैतृक आवास नवमी पूजा के लिए गए हुए थे। इस बीच बुधवार की सुबह पड़ोसियों ने फोन कर सूचना दी कि मेन गेट सहित उनके घर के सभी ताले टूटे हुए हैं। सूचना मिलने के बाद वह सिल्ली से लौटने पर देखा कि घर के सभी दरवाजों के ताले टूटे हुए थे। अलमीरा का लॉकर टूटा था और उसमें रखे सोने के जेवरात और डेढ़ लाख रुपये गायब थे। घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने छानबीन की। हालांकि चोरों का सुराग नहीं मिल पाया है। आसपास लगी सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस :
चोरी की घटना के बाद पुलिस सीसीटीवी के जरिए अपराधियों की पहचान में जुट गई है। पड़ोस के लोगों ने पुलिस को बताया है कि इन दिनों इलाके में लगातार चोर सक्रिय हैं। पुलिस की गश्ती बढ़ाने की मांग भी की गई है।
आरयू के पूर्व संपदा पदाधिकारी का निधन
जागरण संवाददाता, रांची : रांची विवि के पूर्व संपदा अधिकारी बैजनाथ सेठ की मृत्यु बुधवार को हो गई। वे किडनी की समस्या से पीड़ित थे और डायलिसिस चल रही थी। उन्हें बुधवार को बरियातू के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। झारखंड प्रदेश बुद्धिजीवी मंच के अध्यक्ष प्रो. करमा उरांव ने उनके निधन पर शोक जताया है। उन्होंने बताया कि अंतिम संस्कार पारसी तमाड़ में होगा।