Move to Jagran APP

Jharkhand Assembly Election 2019: चुनाव से पहले भाजपा की विपक्ष पर सर्जिकल स्ट्राइक

Political Updates. कांग्रेस के सुखदेव भगत मनोज यादव व झामुमो के कुणाल षाडंगी एवं जेपी पटेल भाजपा में गए। भवनाथपुर के विधायक भानु प्रताप ने भाजपा में अपनी पार्टी का विलय किया।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Published: Wed, 23 Oct 2019 07:17 PM (IST)Updated: Wed, 23 Oct 2019 07:17 PM (IST)
Jharkhand Assembly Election 2019: चुनाव से पहले भाजपा की विपक्ष पर सर्जिकल स्ट्राइक
Jharkhand Assembly Election 2019: चुनाव से पहले भाजपा की विपक्ष पर सर्जिकल स्ट्राइक

रांची, राज्य ब्यूरो। विधानसभा चुनाव से पूर्व भाजपा ने विपक्ष पर सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए उनके कद्दावर विधायकों को अपने खेमे में मिला लिया है। ठीक विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत और वरिष्ठ विधायक मनोज यादव ने भाजपा का दामन थामा। वहीं, झामुमो के तेजतर्रार विधायक कुणाल षाडंगी और झामुमो से निष्कासित जेपी पटेल भी भाजपा से जुड़े।

loksabha election banner

नौजवान संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष भवनाथपुर विधायक भानु प्रताप शाही ने अपनी पार्टी का विलय भाजपा में कर लिया। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव रह चुके पूर्व आइपीएस अधिकारी अरुण उरांव, पूर्व डीजीपी डीके पांडेय, रिटायर्ड आइएएस सुचित्रा सिन्हा और एआइसीसी सदस्य बजरंगी यादव भी भाजपा में शामिल हुए।

प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, मुख्यमंत्री रघुवर दास और भाजपा के सह चुनाव प्रभारी नंद किशोर यादव ने सभी विधायकों, नेताओं और सेवानिवृत्त अफसरों को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। मिलन समारोह के दूसरे चरण में ललित ओझा ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। चुनाव से पूर्व हुए इस वृहद मिलन समारोह में भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं के समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी।

देश में अब विकास व राष्ट्रवाद की राजनीति चलेगी : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भाजपा में शामिल होने वाले सभी विधायकों और सेवानिवृत्त अधिकारियों का पार्टी में स्वागत किया। कहा, देश में अब विकास और राष्ट्रवाद की राजनीति चलेगी। इसी से प्रेरित होकर, समाज और राज्य के लिए कुछ करने की मंशा ने सभी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है।

यह राज्य के लिए सुखद दिन है। उन्होंने 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव परिणाम का जिक्र करते हुए कहा कि जनता ने जातिवाद व संप्रदायवाद की राजनीति को नकारते हुए विकास के प्रति जनादेश दिया है। इस देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश अब सुरक्षित हाथों में है।

किसने क्या कहा

विकास व राष्ट्रवाद के मुद्दे पर हुए शामिल : सुखदेव भगत

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत ने कहा कि भाजपा की राष्ट्रवादी व विकास की सोच से प्रभावित होकर वे भाजपा से जुड़ रहे हैं। कहा, मै पूरी निष्ठा के साथ भाजपा में शामिल हो रहा हूं। कांग्रेस पर कहा कि कांग्रेस मेरा अतीत रहा है, वहां का अनुभव सुखद रहा है। कांग्रेस पर किसी भी तरह की टिप्पणी करने को मेरे राजनीतिक संस्कार इजाजत नहीं देते। मै पूरी निष्ठा से भाजपा से जुड़ रहा हूं।

नरेंद्र मोदी और रघुवर दास से प्रभावित होकर सदस्यता ग्रहण की : मनोज यादव

कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक रह चुके मनोज यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री रघुवर दास से प्रभावित होकर मै भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर रहा हूं। भाजपा की राष्ट्रवाद और विकास की सोच ने मुझे प्रभावित किया है। मै विश्वास दिलाता हूं कि भाजपा की नीति व सिद्धांतों के अनुरूप पार्टी की सेवा करूंगा।

65 नहीं 75 पार होगी भाजपा : भानु प्रताप शाही

अपनी पार्टी नौजवान संघर्ष मोर्चा का भाजपा में विलय करने वाले भवनाथपुर विधायक भानु प्रताप शाही ने कि भवनाथपुर विधानसभा में आज तक भाजपा चुनाव नहीं जीती। इस बार पार्टी वहां रिकार्ड वोटों से जीत दर्ज करेगी। यह भी कहा कि भाजपा ने इस बार 65 प्लस का नारा दिया है लेकिन मुझे विश्वास है कि पार्टी 75 प्लस सीटों पर जीत दर्ज करेगी।

भानु ने यह भी कहा कि कुछ लोग सोचते हैं कि मुझ पर मुकदमा है इसलिए मैं भाजपा में शामिल हो रहा हूं तो मैं यह स्पष्ट कर दूं कि 20 वर्षों तक जो व्यक्ति राजनीतिक संघर्ष करता है उस पर मुकदमा होता ही है। यह भी कहा कि गलत लोगों के साथ था और मुझे फंसाया गया था। यह भी कहा कि आज देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों में पूरी तरह से सुरक्षित है। मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में राज्य नई बुलंदी को छू रहा है।

मेरी राजनीतिक घर वापसी : कुणाल षाडंगी

बहरागोड़ा के विधायक कुणाल षाडंगी ने कहा कि आज राजनीतिक रूप से मेरी घर वापसी है। भाजपा में मेरे पिता रहे हैं, मेरे परिवार को भाजपा ने ही राजनीतिक पहचान दी है। कुणाल ने झामुमो का भी आभार जताया। कहा, झामुमो ने मुझे मौका दिया। मैंने हमेशा एक सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाई है। कहा, आज जनभावना का सम्मान करने की आवश्यकता है।

देश की जनता ने सभी दलों को संदेश दे दिया है। जिस तरह राज्य की जनता ने राज्य सरकार को सार्टिफिकेट दिया है। उससे यह स्पष्ट है कि इस बार सारे विपक्षी दल मैदान के बाहर होंगे। कहा, हर जनप्रतिनिधि की प्रतिबद्धता क्षेत्र की जनता के प्रति होती है। मेरे विधानसभा क्षेत्र की जनता की सेवा ही मेरा लक्ष्य है।

बहरागोड़ा से बरही तक भाजपा का झंडा लहराएगा : जेपी पटेल

झामुमो के निष्कासित विधायक जेपी पटेल ने झारखंड की सीमाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इस बार विधानसभा चुनाव में बरही से बहरागोड़ा तक पूरे राज्य में भाजपा का झंडा लहराएगा। कहा, जेपी अब बीजेपी का हो गया है, पूरे राज्य में कमल खिलेगा। इस देश व राज्य को सिर्फ भाजपा ही चला सकती है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.