मंत्री ने दी चेतावनी, डॉक्टरों को डराया तो बर्दाश्त नहीं करेगी सरकार
Jharkhand. गिरिडीह में डॉक्टर अदिति कश्यप व उनके चालक पर हमले के बाद स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि डॉक्टर अदिति पर हमले की पल-पल की जानकारी ले रहे हैं।
रांची, राज्य ब्यूरो। गिरिडीह में डॉक्टर अदिति कश्यप व उनके चालक पर हमला तथा उनकी गाड़ी में तोडफ़ोड़ के मामले को स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार का विजन स्पष्ट है। किसी भी डॉक्टर के साथ बदसलूकी हुई और उन्हें प्रताडि़त किया गया तो सरकार इसे बर्दाश्त नहीं करेगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी।
मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि गिरिडीह में डॉक्टर अदिति पर हमले व तोडफ़ोड़ करने के आरोपित क्यूआरटी के दो जवानों को निलंबित कर दिया गया है। इस मामले में गिरिडीह के टाउन थाने में प्राथमिकी भी दर्ज करा दी गई है। उन्होंने इस मामले में स्वयं गृह कार्य एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, डीजीपी कमल नयन चौबे और गिरिडीह के एसपी सुरेंद्र कुमार झा को विशेष तौर पर निर्देशित किया है।
अपर मुख्य सचिव को लिखे पत्र में मंत्री ने बताया कि मंगलवार को डॉक्टर अदिति कश्यप के साथ डुमरी से गिरिडीह आने का क्रम में यह घटना घटी है। क्यूआरटी के जवानों ने उनके वाहन का 18 से 20 किलोमीटर तक पीछा किया और इस घटना को अंजाम दिया। मंत्री के अनुसार क्यूआरटी के जवानों ने इस शर्मसार करने वाली घटना को अंजाम दिया है। यह अपराधिक कृत्य और कर्तव्यहीनता है, ऐसे जवानों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।