रांची की कंपनी को मिली बड़ी जिम्मेदारी, भिलाई स्टील प्लांट के मेगा प्रोजेक्ट में DECS और PMCS सेवा देगी मेकॉन
मेकान लिमिटेड को सेल के भिलाई स्टील प्लांट की 3.44 एमटीपीए क्षमता विस्तार परियोजना के लिए डिजाइन और इंजीनियरिंग परामर्श ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।
HighLights
मेकान को भिलाई स्टील प्लांट विस्तार का महत्वपूर्ण अनुबंध मिला।
3.44 एमटीपीए क्षमता विस्तार परियोजना में परामर्श सेवाएं देगा।
जागरण संवाददाता, रांची। सार्वजनिक क्षेत्र की अग्रणी इंजीनियरिंग एवं परामर्श कंपनी मेकॉन लिमिटेड को एक और बड़ी जिम्मेदारी मिली है। मेकॉन और स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड(सेल) के भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) के बीच 3.44 मिलियन टन प्रतिवर्ष (एमटीपीए) क्षमता विस्तार परियोजना के लिए महत्वपूर्ण अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
इस समझौते के तहत मेकॉन को परियोजना के लिए डिजाइन एंड इंजीनियरिंग कंसल्टेंसी सर्विसेज (डीईसीएस) तथा प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंसी सर्विसेज (पीएमसीएस) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कंपनी परियोजना की योजना तैयार करने, इंजीनियरिंग डिजाइन, तकनीकी सलाह, परियोजना के क्रियान्वयन की निगरानी और समयबद्ध प्रबंधन जैसे प्रमुख कार्यों का संचालन करेगी।
बुनियादी ढांचा विकास को गति मिलने की उम्मीद
यह अनुबंध मेकॉन की इंजीनियरिंग विशेषज्ञता और देश की बड़ी इस्पात परियोजनाओं में उसकी मजबूत साख का प्रमाण माना जा रहा है। भिलाई स्टील प्लांट के विस्तार से उसकी उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे देश में इस्पात उत्पादन बढ़ाने और बुनियादी ढांचा विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
मेकॉन, रांची लंबे समय से इस्पात, खनन, ऊर्जा और अवसंरचना क्षेत्र की बड़ी परियोजनाओं में तकनीकी परामर्श और परियोजना प्रबंधन सेवाएं प्रदान करती रही है।
भिलाई स्टील प्लांट की इस महत्वाकांक्षी विस्तार परियोजना से कंपनी के ऑर्डर बुक को भी मजबूती मिलेगी और भविष्य में बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट्स में उसकी भूमिका और सशक्त होगी। कंपनी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस समझौते के साथ मेकान और सेल के बीच सहयोग का एक नया अध्याय शुरू हुआ है।
दोनों संस्थान आधुनिक तकनीक और बेहतर परियोजना प्रबंधन के माध्यम से इस विस्तार परियोजना को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा करने की दिशा में मिलकर कार्य करेंगे। इस परियोजना को देश के इस्पात क्षेत्र के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
