कोरोना के डर से फैशन से न करें तौबा, कपड़ों के साथ मैचिंग मास्क मिल रहे बाजार में
Coronavirus Update. रांची के फैशन डिजाइनर आकर्षक मास्क बनाने की तैयारी मेंं लगे हैं। शारीरिक दूरी बनाने और मास्क लगाने का अनुरोध किया जा रहा है।
रांची, जासं। कोरोना संक्रमण से पूरे देश और राज्य के लोगों में भय का वातावरण है। सरकार के द्वारा संक्रमण को रोकने के लिए पूरे देश में लॉकडाउन चल रहा है। इसके साथ ही लोगों से शारीरिक दूरी और मास्क लगाकर चलने का अनुरोध किया जा रहा है। लोग भी सतर्कता से सरकारी गाइडलाइन का पालन करते हुए मास्क लगाकर ही बाहर निकल रहे हैं। ऐसे में रांची के फैशन डिजाइनरों ने लोगों के लिए आकर्षक मास्क बनाने की तैयारी कर रहे हैं। जल्द ही रांची के साथ राज्य के विभिन्न मार्केट में लोगों को कपड़े के साथ मैचिंग और कूल लूक वाले मास्क बाजार में उपलब्ध होंगे। ये मास्क एन-95 के जितने सुरक्षित तो नहीं होंगे मगर कुछ हद तक संक्रमण से लोगों की रक्षा करने में जरूर मदद करेंगे।
पहले लोग कंधे पर गमछा लेकर निकलते थे
आदिवासी फैशन डिजाइनिंग और ट्राइफेड से जुड़े फैशन डिजाइनर आशीष बताते हैं कि झारखंड में आदिवासी कपड़ों को लेकर कुछ सालों से प्रयोग किए जा रहे हैं। पहले भी लोग घर से बाहर निकलते थे तो कंधे पर एक गमछा रखते थे। ऐसे में मास्क को लेकर प्रयोग हमारे लिए ज्यादा मुश्किल नहीं है। जल्द ही बाजार में कपड़ों के साथ मैचिंग मास्क भी उपलब्ध होंगे। आशीष बताते हैं कि अगर एक बंडी या कुर्ता बनाते हैं तो उससे इतना कपड़ा आराम से बच जाता है, जिससे हम तीन स्तर वाले मास्क बना सकते हैं। इसके साथ ही बाजार खुलने पर कुछ प्रिंटेट मास्क भी नजर आएंगे। कुछ ऐसे मास्क भी डिजाइन किए गये हैं जिसपर सुरक्षा के जुड़े कोट या फंकी लुक देने के लिए कई डिजाइन के प्रयोग किये जा रहे हैं।
हो रहा शारीरिक दूरी का पालन
कई सिलाई केंद्रों में शारीरिक दूरी का पालन करते हुए लोग अपने मास्क की सिलाई कर रहे हैं। हालांकि की इनमें से ज्यादातर मास्क गांव में जरूरतमंदों को दिया जा रहा है। सरकार के द्वारा गाइडलाइन के अनुसार इस महामारी से बचने के लिए लोगों को शारीरिक दूरी और घर से बाहर निकलने पर मास्क लगाना अनिवार्य किया गया है। कई सारे शोध में ये बातें सामने आई है कि आसानी से धो जाने वाले मास्क भी इस वायरस से बचाने में कामयाब हैं, जिन्हें पहनने के बाद अच्छे से धो दिया जाए। कोरोना वायरस के साथ इस लड़ाई में कहीं हम लोग पीछे न रह जाए इसलिए कई सारे फैशन डिजाइनर लोगों को मास्क पहनने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए डिजाइनर मास्क पर काम कर रहे हैं।