विवाहिता की हत्या के आरोप में पति भेजा गया जेल, अब ननद की तलाश Ranchi News
अवनीश के खिलाफ सुखदेव नगर थाने में विवाहिता की मां विभा पांडे के बयान पर आईपीसी की धारा 304 बी के तहत केस दर्ज किया गया है। वहीं...
रांची (जागरण संवाददाता) । सुखदेव नगर थाना क्षेत्र स्थित कुम्हार टोली में रहने वाली विवाहिता दीपिका की मौत के मामले में दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है। इसके बाद पुलिस ने आरोपित पति अवनीश कुमार दुबे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अब ननद की पुलिस तलाश कर रही है। अवनीश के खिलाफ सुखदेव नगर थाने में विवाहिता की मां विभा पांडे के बयान पर आईपीसी की धारा 304 बी के तहत केस दर्ज किया गया है। जिसमें मोबाइल कंपनी में एरिया मैनेजर के रूप में कार्यरत पति अवनीश दुबे और ननद पूनम दुबे को नामजद आरोपित बनाया गया है। विवाहिता की मां ने दहेज के लिए जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
पुलिस को दिए गए बयान में मृतका की मां विभा पांडे ने बताया कि सात सितंबर की शाम दीपिका की ननद पूनम ने उन्हें फोन कर जानकारी दी कि दीपिका कुछ खा ली है। सूचना के बाद खूंटी जिला के मुरहू निवासी विभा पांडे रांची पहुंची तो पता चला कि बूटी मोड़ स्थित मेडिका अस्पताल में भर्ती है। मेडिका पहुंचने पर पता चला कि दीपिका की मौत हो चुकी है। मृतका की मां विभा पांडे ने पुलिस को यह भी बताया है कि शादी के समय दामाद को दहेज के रूप में 11 लाख रुपये नगद और 5 लाख का सामान दिया था।
शादी के कुछ दिन बाद से ही अवनीश शराब के नशे में पत्नी दीपिका कुमारी के साथ मारपीट करना शुरू कर दिया था। दीपिका के पति के अलावा ननद पूनम भी दहेज के रूप में मायके से पैसा लाने की बात कहते हुए प्रताड़ित करती थी। पैसा नहीं मिलने पर ननद पूनम के इशारे पर पति अक्सर ही दीपिका के साथ मारपीट करता था। विवाहिता की मां के अनुसार 18 जून 2018 को अवनीश कुमार दुबे के साथ दीपिका की शादी हुई थी।
स्थानीय थाना में नही दी थी सूचना
शनिवार की रात आठ बजे दीपिका को लेकर ससुराल के लोग मेडिका अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को नही दी थी। सुखदेव नगर पुलिस को 16 घंटे बाद तक घटना की जानकारी नहीं मिल पाई थी। मेडिका पहुंचने के बाद घटना की जानकारी सदर थाने पुलिस को हुई तो मेडिका अस्पताल पहुंचकर मृतका की मां का बयान दर्ज किया। बताया जाता है कि मृतका दीपिका कुमारी के पिता शशि पांडे की हत्या तीन वर्ष पहले ही की गई थी। दुकान से घर लौटने के दौरान अज्ञात अपराधियों ने मुरहू में ही लूटपाट के दौरान 6 जुलाई 2017 को गोली मार दी थी जिसके बाद मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी।