क्रिसमस को लेकर बाजार हुआ गुलजार
रांची के बाजार क्रिसमस के लिए सजकर तैयार हो गए हैं।
जागरण संवाददाता, रांची : रांची के बाजार क्रिसमस के लिए सजकर तैयार हो गए हैं। यीशु के जन्म की खुशी में मनाया जाने वाले पर्व के लिए रांची तैयार है। हर वर्ष 25 दिसंबर को पूरे विश्व में एकसाथ होने वाले इस पर्व की आहट से ही घरों में जोर-शोर से तैयारियां शुरू हो गई हैं। छोटे बच्चे जहां साता क्लॉज के स्वागत की तैयारियों में जुट गए हैं। क्रिसमस-ट्री सजाने के सारे साजों-सामान इकट्ठे करने शुरू कर रहे हैं। वहीं बड़े-बुजुर्ग अपने घरों में साफ-सफाई के साथ रंग-रोगन कराने लगे हैं। अपनी बड़ी आर्थिक गतिविधि के कारण बाजार को भी साल भर इस पर्व का इंतजार रहता है। ऐसे में इस त्योहार के नजदीक आते ही बाजार में भी क्रिसमस की रौनक दिखने लगी है। लोग खरीदारियां करने में जुट गए हैं। साताक्लॉज को इस त्योहार में बहुत शुभ माना जाता है। बच्चे हों या बूढ़े सभी चाहते हैं कि उनके घर साताक्लॉज आएं। ऐसे में लोगों ने सांताक्लॉज छपी चीजों की मांग भी काफी बढ़ गई। गिफ्ट कार्ड, कॉफी मग के अलावा अब मोबाइल कवर, रिग बेल, पर्स में सांताक्लॉज छाए हुए हैं।
इस बार क्रिसमस के लिए बाजार में कई तरह की बेल छाई हुई हैं। ड्राइंग रूम या घर के मुख्य द्वार को सुंदर बनाने के लिए ऐसे लाल, पीले, नीले, चमकीले, सुनहरे रंग-बिरंगे बेल्स खूब पसंद किये जा रहे हैं। घर को सजाने के लिए नए-नए तरह के रंग बिरंगे कैंडल्स बाजार में मिल रहे हैं, जो कि 70 से लेकर 150 रुपए कीमत में उपलब्ध हैं। इसके अलावा कई दुकानों में खासतौर से डिजाइनर कैंडल भी उपलब्ध हैं। ग्राहकों की पसंद को देखते हुए कई तरह के परफ्यूम भी बाजार में उतर गए हैं। ये तरह-तरह की खुशबुओं में उपलब्ध हैं जिसकी कीमत 80 से 800 रुपये तक है। इसके साथ ही त्योहार को देखते हुए चॉकलेट्स भी नए पैकिंग में दुकानों पर मौजूद हैं।
----
क्रिसमस केक
क्रिसमस की खुशी केक के बिना अधूरी है। इस कमी को पूरा करने के लिए बाजार की विभिन्न बेकरी में चेरी केक, बटर ड्राई फ्रूट केक, चॉकलेट पल्म केक, बटर ऑलमंड केक, फ्रूट केक, वाल्नट केक तैयार होने शुरू हो गए हैं। इनकी कीमत 150 से 300 रुपये प्रति पाउंड है। भारत बेकरी के शेख इकबाल कहते हैं कि क्रिसमस पर केक की खूब डिमांड होती है। इस अवसर पर मिल्क ड्राई फ्रूट केक की खूब बिक्री होती है। जिंजर फ्रूट केक क्रिसमस के अवसर पर बनाया जाता है इसे भी खूब पसंद किया जाता है। वाल्नट केक की भी ठंड के मौसम में खूब बिक्री होती है। वह कहते हैं कि आजकल ऑफिस में शाकाहारी केक गिफ्ट करने का भी फैशन है जिसे सभी खा सकते हैं। इसके अलावा डिजायनर केक गिफ्ट करने का भी प्रचलन है। इसकी कीमत 300 से 500 रुपये के बीच है। भारत फ्रूट के मोहम्मद तौशिफ कहते हैं कुछ सालों से शुगर फ्री केक बनने शुरू हो गए हैं। इस केक को खूब पसंद किया जा रहा है। वह कहते हैं कि लगभग आधा दिसंबर बीत जाने पर केक की बिक्री में खूब तेजी आती है जो महीने भर चलती है।