Move to Jagran APP

Mahashivratri 2019 : मानसरोवर जाने वाले 75 भक्‍तों को मुख्‍यमंत्री ने दिए ₹1 लाख

Mansarovar Yatra 2019. सोमवार को सीएम रघुवर दास ने बाबा भोलेनाथ के दर्शन-पूजन के निमित कैलाश मानसरोवर जाने वाले यात्रियों को एक-एक लाख रुपये के चेक प्रदान किए।

By Alok ShahiEdited By: Published: Mon, 04 Mar 2019 11:40 AM (IST)Updated: Mon, 04 Mar 2019 11:40 AM (IST)
Mahashivratri 2019 : मानसरोवर जाने वाले 75 भक्‍तों को मुख्‍यमंत्री ने दिए ₹1 लाख
Mahashivratri 2019 : मानसरोवर जाने वाले 75 भक्‍तों को मुख्‍यमंत्री ने दिए ₹1 लाख

रांची, राज्‍य ब्‍यूरो। महाशिवरात्रि के माैके पर झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पवित्र कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को सरकारी सहायता प्रदान की। सोमवार को उन्‍होंने बाबा भोलेनाथ के दर्शन-पूजन के निमित कैलाश मानसरोवर जाने वाले 75 तीर्थयात्रियों को एक-एक लाख रुपये के चेक अनुदान के रूप में प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत आध्यात्मिक एवं धर्म परायण देश है, सभी धर्मों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार द्वारा मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना प्रारंभ की गई है। झारखंड के वैसे सभी धर्मों के धर्मावलंबी जो आर्थिक रूप से कमजोर अथवा गरीब परिवार से आते हैं उन्हें मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत देश के महत्वपूर्ण तीर्थ स्थानों का दर्शन राज्य सरकार द्वारा कराया जा रहा है।

loksabha election banner

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार शुरू हुई इस योजना का अगले वर्ष और विस्तार दिया जाएगा। उन्होंने चतरा के इटखोरी में दुनिया का सबसे बड़ा स्तूप बनाने की भी घोषणा की। महाशिवरात्रि के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अनुदान प्राप्त करनेवाले श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के नारे भी लगाए। जमशेदपुर की कुंती देवी ने मुख्यमंत्री को भगवान शिव के भजन भी सुनाए।

राज्य के 5 हजार से अधिक लोगों को मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का लाभ
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि अब तक राज्य के 5 हजार से अधिक लोगों को मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का लाभ मिला है। राज्य सरकार द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को उनके आशा के अनुरूप तीर्थ दर्शन कराने का कार्य प्रतिबद्धता के साथ किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में लोक कल्याण परंपरा का इतिहास रहा है, राज्य सरकार इसी परंपरा को निभा रही है।

तीर्थ यात्रियों के हौसलों से ही भारत विश्व गुरु
मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने कहा कि कैलाश मानसरोवर की तीर्थ यात्रा से सकुशल लौटे तीर्थ यात्रियों से कहा कि आप सब सौभाग्यशाली हैं। आपने कैलाश मानसरोवर जैसी कठिन तीर्थ यात्रा को पूरा कर घर वापस आने का पुण्य काम किया है। उन्होंने कहा कि आप जैसे तीर्थ यात्रियों के हौसलों से ही भारत विश्व गुरु बन सकेगा। आपसे प्रेरित होकर और भी जो श्रद्धालु कैलाश मानसरोवर जाने की इच्छा रखते हैं सरकार उन्हें प्रोत्साहित कर अनुदान के रूप में आगे भी ₹1 लाख प्रति श्रद्धालु देने का कार्य करेगी।

सवा तीन करोड़ जनता को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी लोग राज्य सरकार की नीति और जन कल्याणकारी योजनाओं का अपने अपने क्षेत्र में पूरा प्रचार-प्रसार करें और लोगों को जागरूक करें। आम जनता को राज्य सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ मिले यह सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने उपस्थित तीर्थ यात्रियों सहित राज्य की सवा तीन करोड़ जनता को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दी।

झारखंड के पर्यटन स्थलों को कर रहे विकसित
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा झारखंड के पर्यटन स्थलों को विकसित किया जा रहा है। झारखंड में ऐसे कई सांस्कृतिक धरोहर हैं जिन्हें विकसित करने से रोजगार सृजन की बड़ी संभावनाएं हैं। झारखंड में धार्मिक तीर्थ स्थल बहुत है, सभी धर्मों को सम्मान दिया जा रहा है। हर धर्म का तीर्थ स्थल झारखंड में है और वैसे पर्यटन को विकसित करना सरकार की प्राथमिकता रही है। राज्य सरकार चतरा जिला के इटखोरी में दुनिया मे सबसे बड़ा स्तूप बनाने का कार्य कर रही है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इटखोरी पहुंचें। विदेशी पर्यटक राज्य के पर्यटन स्थलों में आएंगे तो देश और राज्य में विदेशी मुद्रा का आवागमन होगा जिससे राज्य के साथ साथ देश भी आर्थिक रूप से मजबूत होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के पर्यटन स्थल जल्द ही दुनिया की मानचित्र में नजर आएगा राज्य सरकार इस और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

विभिन्न धर्मावलंबी वर्ग के लिए महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना
इस अवसर पर पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि राज्य सरकार के गठन के बाद से ही मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में लोक कल्याणकारी योजनाओं को गरीब तबके के लोगों तक प्रतिबद्धता के साथ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति का ही परिणाम है कि आज हम तीर्थ यात्रियों को अनुदान राशि उपलब्ध करा पा रहे हैं। उन्होंने तीर्थ यात्रियों सहित पूरे राज्य की जनता को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कैलाश मानसरोवर तीर्थ यात्रा से लौटे तीर्थ यात्रियों में से सांकेतिक रूप से रीना बाजपेई (बोकारो), अभय कुमार (रांची) कुंती देवी, (जमशेदपुर), जय कुमार चौबे (जमशेदपुर), श्रीकांत प्रसाद (जमशेदपुर), स्वप्न चौधरी (जमशेदपुर), सतीश कुमार (रांची), पूनम प्रसाद (रांची), सुरेश कुमार अग्रवाल (मेदिनीनगर) सरोज देवी (मेदनीनगर) जितेंद्र कुमार (खूंटी), राजकुमार (रांची), अनुज कुमार चौधरी (रांची), महेंद्र कुमार अग्रवाल (धनबाद) बद्रीनाथ दत्ता (दुमका) को एक-एक लाख रुपए की राशि का चेक सौंपा।

मुख्यमंत्री रघुवर दास के समक्ष खूंटी से कैलाश मानसरोवर तीर्थ यात्रा में गए जितेंद्र कुमार एवं कुंती देवी ने तीर्थ यात्रा की यादों को साझा किया।जितेंद्र कुमार ने कहा कि कैलाश मानसरोवर तीर्थ यात्रा अपने आप में एक बहुत ही गौरवशाली बात है। इस यात्रा से जीवन में एक सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ है। मुख्यमंत्री जी द्वारा किए जा रहे कार्य अनुकरणीय हैं। मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में गरीब तबके के तीर्थ यात्री आशा के अनुरूप तीर्थ यात्रा कर पा रहे हैं यह उनके लिए बहुत ही सौभाग्य की बात है। एक अन्य तीर्थयात्री धनबाद के महेंद्र कुमार अग्रवाल ने राज्य सरकार द्वारा दी गई ₹1 लाख की अनुदान राशि को वृद्धा आश्रम एवं दिव्यांग कल्याणार्थ दान देने की घोषणा की।

इस अवसर पर पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव राहुल शर्मा ने मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना एवं कैलाश मानसरोवर तीर्थ योजना से संबंधित जानकारी पर विस्तृत प्रकाश डाला। धन्यवाद ज्ञापन निदेशक पर्यटन श्री संजीव कुमार बेसरा ने किया। मौके पर मंत्री अमर कुमार बाउरी, पलामू सांसद बीडी राम, विधायक जयप्रकाश वर्मा, सचिव राहुल शर्मा, निदेशक पर्यटन संजीव कुमार बेसरा, जेटीडीसी के जीएम राजीव रंजन तथा विभिन्न जिलों से कैलाश मानसरोवर की तीर्थ यात्रा से लौटे तीर्थयात्री सहित अन्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.