विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड में अब डिप्लोमा के 497 तथा स्नातक के 342 कोर्स के लिए हर माह मिलेगी 30,000 रुपये तक की छात्रवृत्ति

Published: Tue, 29 Sep 2026 10:28 AM (IST)

राज्य सरकार ने मानकी मुंडा छात्रवृत्ति योजना का दायरा बढ़ाया है, जिसमें अब डिप्लोमा के 497 और स्नातक के 342 ...और पढ़ें

अब डिप्लोमा एवं यूजी स्तर के सभी प्रोफेशनल कोर्स के लिए छात्राओं को मिलेगी छात्रवृत्ति।

अब डिप्लोमा एवं यूजी स्तर के सभी प्रोफेशनल कोर्स के लिए छात्राओं को मिलेगी छात्रवृत्ति।

HighLights

  1. मानकी मुंडा छात्रवृत्ति योजना में 839 नए कोर्स शामिल।

  2. डिप्लोमा व स्नातक छात्राओं को मिलेगा वित्तीय लाभ।

  3. योजना से अब 15,000 छात्राओं को मिलेगा फायदा।

राज्य ब्यूरो, रांची। राज्य सरकार द्वारा छात्राओं के लिए संचालित मानकी मुंडा छात्रवृत्ति योजना में डिप्लोमा के 497 तथा स्नातक (प्रोफेशनल कोर्स) के 342 कोर्स सम्मिलित किए गए हैं। आवश्यक अर्हता प्राप्त छात्राओं को अब इन कोर्स के लिए भी छात्रवृत्ति का लाभ मिलेगा।

उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने झारखंड काउंसिल आन साइंस, टेक्नोलाजी एंड इनोवेशन (जेसीएसटीआइ) द्वारा गठित कमेटी की अनुशंसा पर इन काेर्स की मान्यता इस योजना के लिए प्रदान करते हुए उन्हें सूचीबद्ध किया है। साथ ही उनकी सूची जारी करदी है। अभी तक इस योजना का लाभ पालीटेक्निक तथा इंजीनियरिंग की पढ़ाई करनेवाली छात्राओं को ही मिल रहा था।

राज्य सरकार ने डिप्लोमा तथा स्नातक के जिन कोर्स को इस योजना में सम्मिलित किया है, उनमें फार्मेसी, होटल मैनेजममेंट, फारेंसिक साइंस, कंप्यूटर अप्लीकेशन, साइबर सेक्यूरिटी, मेरीटाइम सेक्यूरिटी, पुलिस साइंस एंड टेक्नोलाजी, आर्किटेक्चर, अप्लायड आर्टस एंड क्राफ्ट, डिजाइन, मैनेजमेंट, प्लानिंग, साइंस जैसे कोर्स भी सम्मिलित हैं।

अधिसंख्य कोर्स डिप्लोमा तथा इंजीनियरिंग तथा टेक्नोलाजी की विभिन्न शाखाओं से संबंधित हैं। विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि इन सूचीबद्ध काेर्स में छात्रवृत्ति का लाभ शैक्षणिक सत्र 2025-26 से ही मिलेगा।

बताते चलें कि इस योजना के तहत डिप्लोमा में अध्ययनरत छात्राओं को प्रतिमाह 15 हजार रुपये तथा स्नातक में अध्ययनरत छात्राओं को 30 हजार रुपये छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।

15 हजार छात्राओं को मिलेगा लाभ

छात्रवृत्ति की राशि डीबीटी के माध्यम से छात्राओं की आधार लिंक बैंक खाता में हस्तांतरित की जाएगी। पहले इस योजना का लाभ प्रतिवर्ष 4,200 छात्राओं को ही दिया जाना था, लेकिन योजना का दायरा बढ़ाने से अब इसका लाभ 15 हजार छात्राओं को मिलेगा।

डिप्लोमा स्तर के कोर्स में नामांकित पांच हजार तथा इंजीनियरिंग एवं अन्य स्नातक स्तरीय प्रोफेशनल कोर्स में नामांकित 10 हजार छात्राओं को इस योजना का लाभ मिलेगा। इस योजना में यह भी प्रविधान है कि किसी सेमेस्टर में एक भी विषय में फेल होने पर छात्रवृत्ति बंद कर दी जाएगी।