खूंटी के अड़की में युवक की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस
Jharkhand. छोटा उली गांव निवासी 42 वर्षीय सहाय गुड़िया दोपहर चार बजे बाइक से बीरबांकी बाजार के लिए निकला था। इसी दौरान उसकी हत्या कर दी गई।
खूंटी, जासं। राजधानी रांची से सटे खूंटी जिला के अड़की प्रखंड अंतर्गत कोचांग पंचायत के छोटा उली गांव में शनिवार की देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। घटनाक्रम के मुताबिक छोटा उली गांव निवासी 42 वर्षीय सहाय गुड़िया दोपहर चार बजे बाइक से बीरबांकी बाजार के लिए निकला था। मृतक के चाचा निकोदिन गुड़िया ने बताया कि करीब चार बजे दो बार गोली चलने की आवाज सुनाई दी। गांव वाले जब मौके पर पहुंचे तो देखा कि वहां सहाय गुड़िया की लाश पड़ी थी।
उसके सिर में दो गोली मारी गई थी। साथ ही उसके शरीर पर तीन-चार जगह चाकू के निशान थे। रात में घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सुबह अड़की पुलिस मौके पर पहुंची और पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक की पत्नी जिदेन सोय ने बताया कि उसका पति सहाय गुड़िया खेती करता है और गांव में अपने भाई के साथ रहता है। जबकि वह पारा शिक्षिका है और अपने बच्चों के साथ अपने मायके चुकलू बीरबांकी में रहती है। उसने बताया कि उसके पति की किसी से दुश्मनी नहीं थी। अड़की थाने की पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर हत्यारों की तलाश कर रही है।