गढ़वा: बाथरूम में महिला का वीडियो बना रहा था युवक, थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंची पीड़िता हुई बेहोश
गढ़वा के डंडई गांव में एक युवक ने बाथरूम में नहा रही महिला का चोरी-छिपे वीडियो बनाया। पीड़िता ने डंडई ...और पढ़ें

बाथरूम में महिला का वीडियो बना रहा था युवक
HighLights
डंडई गांव में युवक ने बाथरूम में नहाती महिला का वीडियो बनाया।
पीड़िता ने डंडई थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के दौरान महिला तनाव से बेहोश होकर अस्पताल पहुंची।
संवाद सूत्र, डंडई(गढ़वा)। डंडंई थाना क्षेत्र के डंडई गांव में बाथरूम में शनिवार को स्नान कर रही एक महिला का गांव के ही एक युवक द्वारा चोरी-छिपे मोबाइल से वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़िता ने डंडई थाने में नामजद आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार, महिला ने कहा है कि वह अपने घर के बाथरूम में स्नान कर रही थीं। इसी दौरान उनके हाथ की एक चूड़ी टूट गई। जब वह टूटी हुई चूड़ी को बाहर फेंकने लगीं, तो उनकी नजर बाथरूम के रौशनदान की ओर गई।
उन्होंने देखा कि रौशनदान से एक युवक मोबाइल से चोरी-छिपे उनका वीडियो बना रहा है। रौशनदान से वीडियो बनता देख महिला ने तुरंत जोर-जोर से चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया।
आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे
महिला की आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। घर के लोगों ने देखा कि गांव का ही रहने वाला युवक नीरज कुमार उर्फ गुरु ऊंचे पत्थर पर चढ़कर महिला का वीडियो बना रहा था। घटना के बाद महिला अपने स्वजन के साथ डंडई थाना पहुंचीं और मामले की शिकायत की।
अचानक बेहोश होकर फर्श पर गिर पड़ी
जानकारी के अनुसार, थाने में आवेदन सौंपते समय महिला अत्यधिक मानसिक तनाव और घबराहट के कारण अचानक बेहोश होकर फर्श पर गिर पड़ी। उसके अचानक बेहोश होने से थाना परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने तत्काल महिला को अपनी सरकारी गाड़ी से इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
पीड़िता की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। - अनिमेष शांतिकारी, थाना प्रभारी,डंडई।
यह भी पढ़ें- दिल्ली के झारखंड भवन में टला बड़ा हादसा, लिफ्ट में फंसे पूर्व सांसद घूरन राम के परिवार के छह सदस्य हुए बेहोश
