महिला ने लगाई पुलिस पर पिटाई का आरोप, पूर्व मंत्री सीपी सिंह ने किया ट्वीट
सुखदेवनगर थाने की महिला पुलिसकर्मी पर एक महिला को पीटने का आरोप लगा है।
जासं, राची : सुखदेवनगर थाने की महिला पुलिसकर्मी पर एक महिला को पीटने का आरोप लगा है। इसे लेकर राची के विधायक सह पूर्व नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने ट्वीट कर पुलिस पर टिप्पणी की है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को महिला ग्लैक्सिया मॉल के नजदीक स्थित काली मंदिर के पंडितजी को चावल सहित कई अन्य समान देने पहुंची थी। इसी दौरान सुखदेवनगर थाना पुलिस की गश्ती वाहन में मौजूद पुलिस मंदिर खोलने पर पंडित को भला बुरा कहते हुए गाली गलौज करने लगा। मौके पर मौजूद महिला इसका विरोध की तो पुलिस अपने साथ थाने ले आई। इसके बाद महिला के साथ मारपीट की गई। इससे महिला को चोट भी लगी है। हालाकि सुखदेवनगर थाने की पुलिस ने मारपीट से साफ इन्कार किया है। कोतवाली डीएसपी अजीत कुमार विमल ने कहा है मंदिर खोलने के संबंध में महिला से जब महिला पीएसआइ ने पूछा तो वह यह कहते हुए उलझ गई कि शराब दुकान खुल सकता तो मंदिर क्यों नहीं। यह बात कहते हुए पुलिसकर्मी से हाथापाई कर दी। इससे महिला पीएसआइ का होठ कट गया। इसके बाद महिला को थाने लाया गया। मामले की सूचना मिलने पर महिला का भाई थाना पहुंचा तो बताया कि वर्षों से पति से अलग रहने की वजह से तनाव में रह रही है। इसके बाद पुलिस पीआर बाड पर महिला को छोड़ दिया। बाद में महिला ने बेवजह मारपीट का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि महिला शिक्षिका है।
---
सीपी सिंह ने किया ट्वीट
ट्वीट में विधायक सीपी सिंह ने लिखा है सुखदेवनगर थाना का अमानवीय चेहरा एक भद्र महिला को काली मंदिर के पुजारी को चावल देना पड़ा महंगा। थाने ले जाकर गाली गलौज और लाठी से पिटाई। मेरे सूचना पर एसएसपी ने डीएसपी को जाच के लिए भेजा। डीएसपी मामले को तूल नहीं देने की सलाह दे रहे हैं। शर्म आती है। वाह रे झारखंड की बहादुर पुलिस।