MS Dhoni ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से की मुलाकात, महामहिम ने बेटी जीवा को पुचकारा Ranchi News
Dhoni meet President Ramnath Kovind. क्रिकेट से लंबे समय से दूर महेंद्र सिंह धौनी ने रविवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की।
रांची, राज्य ब्यूरो। बारिश की वजह से रविवार को प्रस्तावित गुमला और देवघर दौरा रद होने के बाद राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद राजभवन में ही रहे। सुबह उन्होंने पत्नी के साथ राजभवन परिसर में ही मॉर्निंग वाक की। दिन में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने उनसे मुलाकात की। धौनी की पत्नी साक्षी और पुत्री जीवा भी इस मुलाकात के दौरान मौजूद रहीं। राष्ट्रपति और उनकी पत्नी ने इस दौरान जहां जीवा को पुचकारा, वहीं धौनी से खेल क्षेत्र की सामान्य बातें की।
मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुनील कुमार वर्णवाल और आइआइएम के निदेशक शैलेंद्र सिंह ने भी इस बीच राष्ट्रपति से शिष्टाचार भेंट की। राष्ट्रपति के सुबह के नाश्ते में जहां पोहा, अंकुरित मूंग, फ्रूट सलाद और जूस की व्यवस्था थी, वहीं दोपहर के खाने में राष्ट्रपति सचिवालय से पहुंचे उनके कुक ने चावल, रोटी, कद्दू की सब्जी, रायता, सलाद आदि का इंतजाम कर रखा था। रात के खाने में दाल, रोटी, खिचड़ी आदि के इंतजाम किए गए थे।
बता दें कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने इन दिनों अपने होम टाउन में छुट्टी बीता रहे हैं। वे रांची में कभी टेनिस खेलते देखे जा रहे हैं तो कभी बिलियड्र्स खेलते नजर आ रहे हैं। दूसरी ओर, राष्ट्रपति को रविवार को देवघर बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए जाना था। लेकिन झारखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण उन्हें देवघर का दौरा रद करना पड़ा। इसी क्रम में रविवार को माही ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से राजभवन में जाकर मुलाकात की। महामहिम सोमवार को रांची विश्वविद्यालय के दीक्षा समारोह में शामिल होंगे।