प्रेमी ने दोस्त के साथ मिलकर महिला से किया सामूहिक दुष्कर्म, दोनों धराए Garhwa News
Jharkhand. पीडि़ता का सदर अस्पताल में मेडिकल कराया गया। यहां पीडि़ता के बयान पर मामला दर्ज कर उक्त दोनों आरोपितों को जेल भेज दिया गया।
गढ़वा, जासं। गढ़वा के डंडई थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार को एक विवाहिता के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई है। पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने के बाद तत्परता से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पीडि़ता का सदर अस्पताल में मेडिकल कराया गया। घटना के संबंध में एसडीपीओ बहामन टूटी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में डंडई थाना क्षेत्र के रारो गांव निवासी विनोद पासवान व गढ़वा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव निवासी शोएब अंसारी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि विनोद पासवान का डंडई थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। रविवार को विनोद पासवान ने उक्त महिला को किसी बहाने से अपने पास बुलाया और झाड़ी में लेकर जाकर अपने एक अन्य साथी शोएब अंसारी के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
इस घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने महिला के साथ-साथ विनोद तथा शोएब को पकड़ लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने सूचना के आलोक में तीनों को अपने साथ थाना ले आई। यहां पीडि़ता के बयान पर मामला दर्ज कर उक्त दोनों आरोपितों को जेल भेज दिया गया। पूछताछ के दौरान विनोद ने महिला के साथ प्रेम-प्रसंग की बात को स्वीकार किया है।