यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 26, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
इश्क बना रहा अपराधी, एकतरफा प्यार में युवती बन रहीं निशाना
मामला इश्क-मोहब्बत का हो या एकतरफा प्यार का, दोनों ही मामलों में पुलिस का सिरदर्द बढ़ रहा है।

जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी में इश्क-मोहब्बत अपराध के आंकड़े बढ़ा रहे हैं। इश्क करने वाले खुद ही जीवन का फैसला लेकर घर छोड़कर फरार हो रहे हैं तो एकतरफा प्यार में कई सिरफिरे अगवा, हमला जैसी वारदात को अंजाम दे रहे हैं। मामला इश्क-मोहब्बत का हो या एकतरफा प्यार का, दोनों ही मामलों में पुलिस का सिरदर्द बढ़ रहा है। चूंकि शहर में इन दिनों अपहरण के सर्वाधिक मामले प्रेम प्रसंग संबंधी मामले दर्ज हो रहे हैं।
फिरौती के लिए अपहरण के मामले गिनेचुने ही दर्ज हो रहे हैं। पिछले चार महीने के आंकड़ों पर गौर करें, तो अपहरण के 58 मामले दर्ज हुए हैं। लेकिन, फिरौती के लिए महज तीन मामले सामने आए हैं।
पुलिस को होती है परेशानी:
आपसी सहमति से भागने के बावजूद संबंधित मामले अपहरण के ही दर्ज होते हैं। इन मामलों में सर्वाधिक मामले प्रेम प्रसंग के रहने की वजह से पुलिस को भी परेशानी होती है। परिजन भी परेशान होते हैं, अंतत: थानों में अपहरण का मामला दर्ज होता है।
गर्लफ्रेंड के लिए कर रहे अपराध
राजधानी में पिछले दिनों पकड़े गए चोरी, छिनतई व लूट के आरोपियों ने पुलिस के सामने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। गिरफ्तार अपराधियों ने बताया है कि गर्लफ्रेंड को महंगी गिफ्ट, मोबाइल, रेस्टोरेंट घुमाने सहित अन्य जरुरतों को पूरा करने के लिए अपराध की दुनियां में कदम रख रहे हैं। हाल में गिरफ्तार अमूमन सभी अपराधियों का बयान लगभग एक समान रहा है।
एकतरफा प्यार में किए गए अपराध
केस 1
-23 जुलाई 2016 को एकतरफा प्यार में मारवाड़ी कॉलेज की एक छात्र के अपहरण का प्रयास किया गया था। जय सिंह नाम का युवक छात्र से एकतरफा प्यार करता था। लेकिन उसकी जिद को छात्र ठुकरा चुकी थी। इस बीच कॉलेज से निकलने पर छात्र को जबरन अगवा का प्रयास किया गया था। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
केस 2
-16 नवंबर 2016 को खलारी में एकतरफा प्यार में एक युवक ने ऑटो से स्कूल जा रही नाबालिग छात्र को रुकवा कर सरेआम पीट-पीट कर घायल कर दिया। जब आसपास के लोगों ने विरोध किया तो उसके साथ मौजूद तीन अन्य साथियों ने भी मारपीट शुरू कर दी। आरोपी को पकड़कर पुलिस ने जेल भेज दिया था।
केस 3
-14 दिसंबर 2015 को खलारी के जेहली टांड़ में एकतरफा प्यार में एक युवक ने युवती की गर्दन काटकर हत्या कर दी। आरोपी युवक अमीन अंसारी उर्फ बबलू, 16 वर्षीय पुष्पा कुमारी जब अपने घर में सामने कपड़ा सिल रही थी उसी दौरान कटारी गर्दन पर जोरदार हमला कर दिया। आरोपी ने पहले भी शादी नहीं किए जाने पर अगवा करने की धमकी दी थी।
प्रेम-प्रसंग में भागने के मामले
केस 1
पीढ़ी थाना क्षेत्र के गुरुनानक स्कूल की छात्र का अपहरण का मामला दर्ज हुआ था। तत्कालीन थाना प्रभारी रंजन चौधरी ने मामले की तफ्तीश की। कुछ माह के बाद पता चला था तो वह मयंक नाम के युवक के साथ पकड़ी गई थी। दोनों ने रांची से भागकर गोपालगंज स्थित एक मंदिर में शादी कर ली थी। छात्र ने भी मयंक के साथ रहने की इच्छा जताई थी, लेकिन उम्र कम होने के कारण दिव्या को महिला प्रोबेशन होम भेज दिया गया था।
केस 2
सेंट जेवियर कालेज की छात्र अपने ब्वाय फ्रेंड के साथ भाग गई थी। जब उसके पिता रांची आए तो वह गायब थी। वह अपनी बेटी के अपहरण का मामला लालपुर थाने में दर्ज कराए थे। दो दिन के बाद पुलिस मोबाइल ट्रेस की तो छात्र मिल गई थी। लेकिन उसका ब्वायफ्रेंड नाबलिग निकला था।
केस 3
शहर के एक नामी स्कूल में पढ़ने वाले नाबालिग छात्र-छात्र के बीच प्रेम प्रसंग हुआ। वे शादी का फैसला लेकर भाग गए थे। छात्र के माता-पिता ने लालपुर थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने छात्र को ढूंढ निकाला। इसके बाद परिवार के दबाव में आकर छात्र ने कोर्ट में अपना बयान बदल दिया। अंत में पुलिस ने आरोपी को बाल सुधार गृह भेज दिया।
---
अपहरण के सर्वाधिक मामले प्रेम प्रसंग से जुड़े होते हैं। एक दो मामले ही फिरौती के लिए अपहरण संबंधी दर्ज किए जाते हैं। शादी की नीयत से भगाने के मामले में भी अपहरण के ही मामले दर्ज हो रहे हैं।
-विकास चंद्र श्रीवास्तव पुलिस प्रवक्ता रांची सह डीएसपी सदर
2017 में अपहराण के आंकड़े
जनवरी में 18
फरवरी में 10
मार्च में 15
अप्रैल में 15
---
यह भी पढ़ेंः युवती की मांग में जबरन भर दिया सिंदूर, बनाए संबंध
