सौतेले भाइयों ने विवाहिता के हाथ-पांव बांध घर में की लूटपाट Ranchi News
लूटपाट के इस मामले में जहरून ने कोतवाली थाने में अपने सौतेले भाई अजिम नजीर अल्ताफ मो सिद्दीक और बहन रूखसाना के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
रांची, जासं। पुरानी रांची के नूर नगर में रहने वाली विवाहिता जहरून निशा के सौतेले भाइयों ने ही उसके हाथ-पांव बांधकर घर के जेवरात और रुपये लूट लिये। आरोपित सौतेले भाई उससे पैसे मांगने पहुंचे थे। मना करने अलमारी में रखे जेवरात और 25 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना सोमवार की सुबह करीब 11 बजे की है। मामले में जहरून ने कोतवाली थाने में अपने सौतेले भाई अजिम, नजीर, अल्ताफ, मो सिद्दीक और बहन रूखसाना के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
जहरून निशा ने बताया कि उसके पति मो. शकील से कुछ सालों पहले विवाद चल रहा था। विवाद की वजह से दहेज प्रताडऩा का केस चक्रधरपुर कोर्ट में दर्ज कराया गया था। केस के दौरान सौतेले भाइयों ने खर्च किया था। इस बीच पति से समझौता हो गया। वह पति के साथ रहने रांची आ गई। इसके बाद से सौतेले भाई पांच लाख रुपये खर्च होने की बात कह पैसे मांग रहे थे। कई बार धमकी भी दी थी। इसी बीच सोमवार की सुबह नूर नगर स्थित ससुराल आए और बंधक बनाकर और लूटपाट कर ली। इस दौरान पति काम करने के लिए अपर बाजार गए थे और उसकी सास बगल के घर में गई हुई थी।
आपसी विवाद मानकर जांच कर रही पुलिस
पुलिस मामले को आपसी विवाद मानकर जांच कर रही है। विवाहिता के सौतेले भाइयों के मोबाइल का लोकेशन खंगाला जा रहा है। घटना के वक्त आरोपितों का लोकेशन कहां, था इसका पता लगाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस आरोपियों से पूछताछ भी करेगी। कोतवाली डीएसपी अजीत कुमार विमल ने कहा कि यह आपसी विवाद का मामला है। इसकी जांच चल रही है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप