Jharkhand: लोकसभा सचिवालय की विशेषाधिकार समिति ने देवघर एसपी को किया तलब
लोकसभा सचिवालय की विशेषाधिकार समिति ने देवघर के एसपी को तलब किया हैै। गोड्डा के सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने विशेषाधिकार हनन की नोटिस दी थी।
रांची (राज्य ब्यूरो)। लोकसभा की विशेषाधिकार शाखा ने गोड्डा के सांसद डा. निशिकांत दुबे की शिकायत पर देवघर के पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय को तलब किया है। उन्हें आठ सितंबर को विशेषाधिकार शाखा के समक्ष उपस्थित होने को कहा गया है। गौरतलब है कि सांसद ने बीते 16 जुलाई को विशेषाधिकार हनन का नोटिस लोकसभा सचिवालय को सौंपा था।
इसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी मानहानि की जा रही है। सरकारी मिशनरी का दुरुपयोग उन्हें और उनके परिवार को तंग करने के लिए किया जा रहा है। उनके खिलाफ गलत तरीके से मुकदमे किए जा रहे हैं। लोकसभा सचिवालय ने केंद्रीय गृहमंत्रालय को भी इस संबंध में सूचित किया है। राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह और गृह विभाग के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का को भी एसपी को तलब किए जाने वाले नोटिस की कॉपी दी गई है।