लोजपा ने ठोका दावा, छह विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी पार्टी Ranchi News
Jharkhand. लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान ने बताया कि झारखंड में राजग मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में फिर सरकार बनाएगी।
रांची, राज्य ब्यूरो। लोक जनशक्ति पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में राज्य में छह विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इन सीटों में जरमुंडी, नाला, राजधनवार, लातेहार, पांकी व हुसैनाबाद विधानसभा सीटें शामिल हैं। चुनाव को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई है। यह जानकारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान ने मंगलवार को कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन के दौरान दी।
प्रधान ने बताया कि राज्य की छह सीटों पर चुनाव लडऩे के मामले में लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राम विलास पासवान, संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष चिराग पासवान व पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अब्दुल खालिद ने अपनी स्वीकृति दी है। उन्होंने कहा कि गत चुनाव में भी लोजपा राजग के साथ थी और पूर्व बहुमत की सरकार बनी थी। लोकसभा चुनाव में भी राजग को मजबूत किया गया और 14 में 12 सीटें मिलीं।
अब विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री रघुवर दास के काम के आधार पर जनता से वोट की अपील की जाएगी। राजग को इस विधानसभा चुनाव में 65 प्लस का आंकड़ा पार करवाना है। उन्होंने कहा कि 2014 के पूर्व राज्य में भ्रष्टाचार का बोलबाला था। रघुवर दास ने राज्य में भ्रष्टाचार मुक्त शासन दिया है। वीरेंद्र प्रधान ने अपने कार्यकर्ताओं को कहा कि लोजपा के युवा व अनुभवी नेता चिराग पासवान से सीख लेने की जरूरत है।