विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लातेहार में 49 करोड़ की पेयजल योजना आज भी अधूरी, 27 गांवों को अब तक नहीं मिला पानी

By Mansi KumariEdited By: Mansi Kumari
Published: Tue, 07 Jul 2026 07:15 AM (IST)

लातेहार के बरवाडीह में 49 करोड़ रुपये की जल जीवन मिशन योजना, जिसका लक्ष्य 27 गांवों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।

एआई जेनरेटेड इमेज।

HighLights

  1. 27 गांवों को शुद्ध पेयजल के लिए अभी भी इंतजार।

  2. निर्माण कार्य मार्च 2024 से धीमा, केवल 30% पूरा।

संवाद सूत्र, बरवाडीह (लातेहार)। जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से बरवाडीह प्रखंड के मंगरा कोयल नदी तट पर वर्ष 2023 में बड़ी ग्रामीण जलापूर्ति योजना की आधारशिला रखी गई थी।

लगभग 49 करोड़ रुपये की लागत से शुरू की गई इस योजना के तहत मंगरा सहित बरवाडीह, लंका, खुरा, चमरडीह, बभनडीह और केचकी समेत करीब 27 गांवों में पाइपलाइन के माध्यम से पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था की जानी थी।

निर्माण कार्य शुरू होने के बाद करीब एक वर्ष तक काम कुछ हद तक चलता रहा और लगभग 30 प्रतिशत कार्य पूरा हुआ, लेकिन मार्च 2024 के बाद काम की गति पूरी तरह धीमी पड़ गई। वर्तमान में योजना अधर में लटकी हुई है, जबकि निर्धारित समयसीमा के अनुसार वर्ष 2025 तक काम पूरा कर गांवों में जलापूर्ति शुरू कर दी जानी थी।

योजना के तहत मंगरा में बृहद जल टंकी के निर्माण के साथ-साथ लंका और पोखर समेत अन्य स्थानों पर भी पानी टंकी का निर्माण प्रस्तावित था। निर्माण एजेंसी द्वारा लगभग 10 करोड़ रुपये की राशि की निकासी भी की जा चुकी है। इसके बावजूद तय समय पर निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका और फिलहाल काम बंद पड़ा है।

पाइपलाइन बिछाने का काम भी अधूरा है। कई जगहों पर पिछले दो वर्षों से पाइप खुले में पड़े हुए हैं, जिससे सामग्री के क्षतिग्रस्त होने की आशंका बढ़ गई है। परिणामस्वरूप करोड़ों रुपये की यह योजना अभी तक धरातल पर पूरी तरह नहीं उतर सकी है और क्षेत्र के ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।

इस संबंध में विभागीय अधिकारियों का कहना है कि कार्यकारी एजेंसी को समय पर काम पूरा नहीं करने के लिए नोटिस जारी किया गया है। मामले की जानकारी विभाग के वरीय अधिकारियों को भी दी गई है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई करते हुए योजना को शीघ्र पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।