लालू से मिले तेजस्वी, कहा स्वास्थ्य में नहीं हुआ कोई सुधार
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद से मिलने शनिवार को रिम्स पहुंचे उनके पुत्र तेजस्वी के मुताबिक लालू की तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ है।
रांची, जासं। राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद से मिलने शनिवार को रिम्स पहुंचे उनके पुत्र तेजस्वी ने बताया कि उनके स्वास्थ्य में सुधार की उम्मीद की गई थी, पर कोई भी सुधार नहीं हुआ है। स्थिति जस की तस बनी हुई है। फिलहाल उन्होंने कामना की है कि उनके स्वास्थ्य में जल्द ही सुधार होगा। इस दौरान सर्जिकल स्ट्राइक के मामले में उन्होंने बीजेपी और बिहार सरकार पर निशाना साधा।
कहा कि पहले भी कई बार इस तरह के सर्जिकल स्ट्राइक हुई है, लेकिन इस तरह की वर्षगांठ नहीं मनाई गई, जबकि बीजेपी सरकार वर्षगाठ मना रही है। उन्होंने कहा कि अब महागठबंधन में कभी भी दरार नहीं आएगी। उन्होंने राफेल डील के मामले में कहा कि भाजपा सरकार की यह बहुत बड़ी हेराफेरी है। कीमत से अधिक दामों पर राफेल का सौदा किया गया।
इस सौदा में दी गई कीमत में कई विमानों की खरीदारी हो सकती थी। उन्होंने बिहार सरकार पर कहा कि बिहार में अपराधी बेलगाम हो गए, आए दिन लूट, दुष्कर्म और हत्या के मामले हो रहे हैं। जितना हथियार पुलिस के पास नहीं है। उतने हथियार तो अपराधियों के पास हैं। उनसे मिलने राजद प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी और बिहार के पूर्व मंत्री अशरफ अली फातिमी भी थे।
उल्लेखनीय है कि चारा घोटाले में सजा सुनाए जाने के बाद लालू प्रसाद जेल भेजे गए थे। बीमार होने की वजह से वह रिम्स दाखिल हैं। उन्हें रिम्स के पेइंग वार्ड में रखा गया। तेजस्वी से कुछ दिन पहले उनके बड़े पुत्र तेज प्रताप भी मुलाकात करके गए थे।