रांची में शिक्षिका की गला रेत कर हत्या, सिरफिरे आशिक ने ली जान!
Lady Teacher Murdered in Ranchi. शिक्षिका प्रियंका कुमारी के घर में घुसकर उसका गला रेत कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
रांची, जेएनएन। ओरमांझी गांव में 23 वर्षीया एक युवती प्रियंका कुमारी की अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार से गला रेतकर कर हत्या दी। वह ओरमांझी निवासी देवनारायण साहू की पुत्री थी। हत्यारों का पता अभी तक नहीं चल पाया है। मृतका आदित्य पब्लिक स्कूल में शिक्षिका थी। घटना मंगलवार देर शाम की है। जानकारी के अनुसार प्रियंका अपने घर में अकेली थी। तभी उसके घर में हमलावर घुस गया, और उससे जबरदस्ती की कोशिश करने लगा। हाथापाई के दौरान अपराधी ने उसका गला धारदार हथियार से रेत दिया और मौके से फरार हो गया। उसके माता-पिता व भाई घर से बाहर थे। घटना के बारे में आशंका जाहिर की जा रही है कि यह एकतरफा प्रेम में सिरफिरे आशिक की करतूत हो सकती है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
मृतका के परिजन ओरमांझी में ही एक छोटा सा होटल चलाते हैं। मृतक की बहन कृतिका जब काम से लौटकर घर में घुसी ही थी, तो वह अपनी बहन को घर में ही भागते हुए देखा। उसके गर्दन से खून बह रहा था। भागते-भागते वह अपने बेड पर गिर गई। तब कृतिका ने हल्ला किया। तत्काल उसे मेदांता ले जाया गया, लेकिन इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई।
घायल होने तक हत्यारों से युवती ने किया संघर्ष
शव देखने से प्रतीत होता है कि मृतका ने मरने से पहले हत्यारा से हाथापाई की है, क्योंकि उसका कपड़ा भी फटा हुआ है। पुलिस मृतका के पिता, भाई व बहन से भी पूछताछ कर रही है।
ग्रामीण एसपी ने की घटना की जांच
मेदांता अस्पताल व युवती के घर में जाकर ग्रामीण एसपी आशुतोष शेखर, डीएसपी चंद्रशेखर आजाद व थाना प्रभारी ने छानबीन की पर हत्यारों का सुराग नहीं चल पाया है। गुरुवार को खोजी कुत्ता व फॉरेंसिक जांच दल को बुलाने की बात पुलिस कर रही है। प्रियंका का गला धारदार हथियार से रेता हुआ है।
घर के पीछे से मारकर भागने का संदेह
संदेह जताया जा रहा है कि अपराधी युवती को घायल करने के घर के पिछवाड़े ही भाग निकला, इसलिए लोग उसे देख नहीं पाए। पुलिस इस ओर तहकीकात कर रही है। मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा है।
कहीं कोई गलत नीयत से तो नहीं घुसा घर में
घटना की जांच करने आई पुलिस कई बिंदु पर जांच कर रही है। दुश्मनी सहित अन्य बिंदु पर भी ध्यान है। पुलिस ने आशंका जताई है कि कहीं कोई गलत नीयत से तो नहीं घुसा और कुकृत्य में असफल होने पर युवती का गला रेतकर भाग गया।
परिजनों की आर्थिक स्थिति है खराब
अपराधियों द्वारा मारी गई प्रियंका के परिजनों की आर्थिक स्थिति खराब है। उसके परिजन किसी प्रकार एक छोटा होटल चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। पैसा के लिए लूटपाट करने की संभावना नहीं के बराबर ही है।
रो-रोकर परिजनों का है बुरा हाल
प्रियंका के मारे जाने के बाद उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सभी कह रहे थे कि मेरी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। हत्या किसने की नहीं पता। मां बार-बार बेहोश हो रही थी। पिता, भाई व बहन की स्थिति भी खराब थी। बार-बार वे सभी रोने लगते थे।
अभी तक हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बुधवार तक मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। श्याम किशोर महतो, ओरमांझी थानाप्रभारी।