थर्ड जेंडर की वजह से कचहरी चौक के पास रात में रास्ता बंद, रांची पुलिस ने की बैरिकेडिंग
कचहरी चौक, रांची के पास रात में थर्ड जेंडर के सदस्यों द्वारा राहगीरों को परेशान करने की शिकायत के बाद पुलिस ने एक मार्ग को बंद कर दिया है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
कचहरी चौक के पास रात में थर्ड जेंडर का जमावड़ा।
राहगीरों को परेशान करने की लगातार मिल रही थी शिकायतें।
पुलिस ने रात में मार्ग बंद कर गश्ती बढ़ाई।
जागरण संवाददाता, रांची। कचहरी चौक के पास रात के समय थर्ड जेंडर के कई सदस्यों के जमावड़े और राहगीरों को परेशान किए जाने की शिकायत के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने एक मार्ग को रात में बंद कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, इस रास्ते पर देर रात थर्ड जेंडर के कई सदस्य मौजूद रहते थे और आने-जाने वाले लोगों को रोककर परेशान करने की शिकायत लगातार मिल रही थी। इसे देखते हुए पुलिस ने एहतियाती कदम उठाते हुए रास्ते को बंद करने का निर्णय लिया है।
बताया गया कि कचहरी चौक के समीप रात में थर्ड जेंडर के सदस्यों का जमावड़ा रहता था। वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों और अन्य लोगों को कथित तौर पर परेशान किया जाता था।
कई बार विवाद बढ़ने पर मारपीट की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने समस्या का समाधान निकालने के लिए रात में मार्ग को बंद कर दिया।
कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि जिस मार्ग को बंद किया गया है, वहां रात के समय वाहनों का परिचालन नहीं होता है। इस वजह से पुलिस ने फिलहाल रात में रास्ते को बंद रखने का निर्णय लिया है।
इसका उद्देश्य आम लोगों को किसी तरह की परेशानी से बचाना और रात के समय होने वाली विवाद की घटनाओं पर रोक लगाना है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में रात के समय गश्ती भी बढ़ाई जाएगी। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- दो दिन की छापेमारी, डिजिटल सुराग और करोड़ों के गहने… रांची कांड की जांच पहुंची पटना
