सात किलो अफीम के साथ दो महिला समेत चार तस्कर गिरफ्तार Koderma News
Jharkhand Crime News Koderma Samachar एसडीओ ने बताया कि तिलैया थाना प्रभारी द्वारिका राम को रविवार सुबह पांच बजे सूचना मिली कि कुछ तस्कर अफीम लेकर ट्रेन से पंजाब जाएंगे। इसके बाद उन्होंने पुलिस बल के साथ वाहनों की चेकिंग शुरू की।
झुमरीतिलैया (कोडरमा), जासं। Jharkhand Crime News, Koderma Samachar कोडरमा जिले की झुमरी तिलैया पुलिस ने रविवार की सुबह चार लोगों को अफीम तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया है। इनके पास से साढ़े सात किलो अफीम बरामद किया है। रविवार की दोपहर 3 बजे अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अशोक कुमार ने मामले को लेकर तिलैया थाना परिसर में प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तिलैया थाना प्रभारी द्वारिका राम को रविवार सुबह पांच बजे सूचना मिली कि कुछ तस्कर अफीम लेकर कोडरमा से ट्रेन पकड़कर पंजाब जाएंगे। इसके बाद उन्होंने पुलिस बल के साथ वाहनों की चेकिंग शुरू की।
सुबह करीब 7:30 बजे सुभाष चौक की तरफ से आ रही मारुति स्विफ्ट कार को रुकने का इशारा किया तो कार चालक ने भागने का प्रयास किया। इस पर पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। कार (जेएच 01 सीके 5890) में आगे की सीट पर दो पुरुष और पीछे की सीट पर दो महिलाएं बैठी हुई थीं। कार की तलाशी में एक थैले में प्लास्टिक में पैक किया हुआ तीन पैकेट तथा पीछे की सीट के नीचे एक प्लास्टिक में दो पैकेट अफीम बरामद हुआ। इसका वजन साढ़े सात किलो निकला।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि आरोपितों ने बताया कि यह अफीम चतरा के गिद्धौर थाना क्षेत्र निवासी कुख्यात अफीम तस्कर संतोष यादव का है। अफीम तस्कर ने उन्हें पैसे का लालच देकर कोडरमा स्टेशन पहुंचाने को कहा था। कोडरमा स्टेशन से ट्रेन के माध्यम से इसे पंजाब पहुंचाना था। कार से संतोष यादव का 20 वर्षीय भाई सुदेश यादव, चतरा के गिद्धौर थाना क्षेत्र निवासी सुधीर दांगी, चतरा के सिमरिया थाना क्षेत्र निवासी जमुनी देवी एवं रीता देवी गिरफ्तार किए गए। इनके पास से चार मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
तस्करी के लिए महिलाओं का करते हैं इस्तेमाल
झारखंड के चतरा जिले में बड़े पैमाने पर अफीम की खेती होती है और तस्कर इसे बड़े-बड़े शहरों में पहुंचाने के लिए महिलाओं का इस्तेमाल करते हैं। अक्सर वाहन में महिलाएं होने पर पुलिस जांच नहीं करती है। तस्कर इसका फायदा उठाते हैं।