Koderma Corona Cases: कोडरमा में मां-बाप और बेटा कोरोना पॉजिटिव, आज मिले 7 मरीज, जानें ताजा हाल
Koderma Corona News झारखंड में शुक्रवार को 46 कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई है। इनमें हजारीबाग में 10 रामगढ़ में 9 कोडरमा में 7 जमशेदपुर में 15 और धनबाद में 3 नए मामले मिले हैं।
रांची, जेएनएन। झारखंड में शुक्रवार को कुल 46 कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई है। इनमें हजारीबाग में 10, रामगढ़ में 9, कोडरमा में 7, जमशेदपुर में 15 और धनबाद में 3 नए मामलों की पहचान की गई है। बोकारो में भी आज कोरोना के दो नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 523 पर पहुंच गया है। इधर राज्य में कोरोना से पांचवीं मौत की पुष्टि हुई है। गिरिडीह में कोरोना संक्रमित एक मरीज की मौत की जानकारी स्वास्थ्य सचिव डॉ नितिन मदन कुलकर्णी ने दी। रिम्स से आज टोटल 17 पॉजिटिव केस सामने आए हैं।
आज कोडरमा कोविड अस्पताल से 19 संक्रमण मुक्त होकर जाएंगे घर
कोडरमा जिले के लिए एक अच्छी खबर है। शनिवार को कोडरमा होली फैमिली स्थित को कोविड अस्पताल से 19 लोग संक्रमण मुक्त होकर घर जाएंगे। इनकी दूसरी रिसैम्पलिंग रिपोर्ट नेगेटिव आई है। कोडरमा कोविड अस्पताल में शुक्रवार तक कुल 26 लोग भर्ती थे। ये सभी जिले के सक्रिय मामले थे। इनमें से 19 की दूसरी रिसैम्पलिंग रिपोर्ट नेगेटिव आई है। वहीं शुक्रवार की रात 7 नए संक्रमित सामने आए हैं, जिन्हें देर रात अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस तरह अब जिले में सक्रिय केसों की संख्या 14 हो जाएगी, जिनका कोविड अस्पताल में इलाज हो रहा है। उल्लेखनीय होगा कि कोडरमा जिले में अब तक कोरोना के 40 संक्रमित सामने आए हैं। इनमें से एक की मौत अस्पताल आने से पूर्व हुई थी, जबकि 25 अब तक स्वस्थ हुए हैं। इनमें से 6 को अब तक अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि 19 को आज ताली बजाकर व फूल बरसाकर कोडरमा होली फैमिली स्थित कोविड अस्पताल से छुट्टी दी जाएगी।
परदेस से लौट पत्नी व बच्चों को दिया कोरोना
कोडरमा जिले में कोरोना संक्रमण का मामला अब क्वॉरेंटाइन सेंटर से निकल कर घरों तक पहुंच रहा है। शनिवार को जयनगर प्रखंड में कोरोना संक्रमण के 4 नए मामले सामने आए, जिसमें 3 संक्रमित व्यक्ति क़वारेंटीन सेंटर से क़वारेंटीन की अवधि में भागकर अपने आपने घर गए थे। चार नए संक्रमितों में एक बच्चा जयनगर मुख्य मार्ग का रहनेवाला है, जबकि दूसरा बच्चा रविदास मुहल्ला में पाया गया है।
आज के 7 कोरोना संक्रमितों में दो बच्चे और एक महिला शामिल
जयनगर में पाए गए दोनों कोरोना संक्रमित बच्चे अपने पिता के संपर्क में आ गए थे। इनमें से एक के पिता चेन्नई और दूसरे के मुंबई से लौटे थे। इन दोनों बच्चों के पिता क्वॉरेंटाइन से भागकर अपने घर चले गए थे। बाद में प्रशासन को पता चलने के बाद फिर से लोगों को क्वॉरेंटाइन कराया गया था तथा सभी का सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। इधर जयनगर के ग्राम में गोहाल में एक पुरुष और एक महिला में कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। संक्रमित पुरुष मुंबई से लौटा था और कोरेन्टीन सेंटर से भागकर अपने घर जाकर पत्नी को भी संक्रमित कर दिया।
झारखंड में शुक्रवार को मिले कुल 46 कोरोना मरीज
- हजारीबाग : 10
- रामगढ़ : 09
- कोडरमा : 07
- जमशेदपुर : 15
- धनबाद : 03
- बोकारो : 02