Ranchi, 5th International Yoga Day 2019 के बारे में 10 खास बातें, जो आप जानना चाहते हैं
International Yoga Day 2019. 21 जून शुक्रवार को रांची में होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम में पीएम मोदी के साथ 50000 योग प्रेमियों की भागीदारी होगी।
रांची, [जागरण स्पेशल]। International Yoga Day 2019 - 5वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम के लिए झारखंड की राजधानी सज-धजकर तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेजबानी के लिए प्रभात तारा मैदान में बेताबी दिख रही है। 21 जून, शुक्रवार को रांची में होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम में पीएम मोदी के साथ देशी-विदेशी मेहमानों समेत 50,000 योग प्रेमियों की भागीदारी होगी।
यहां शासन-प्रशासन के स्तर पर तमाम फुलप्रूफ उपाय किए गए हैं। सुबह 3 बजे से यहां इंट्री शुरू होगी। सूर्योदय से पहले मुख्य कार्यक्रम शुरू होगा। सुबह 6 बजे के बाद 45 मिनट के इस कार्यक्रम में कुल 13 योग आसन और तीन प्राणायाम किए जाएंगे। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य समारोह वर्ष 2015 में नई दिल्ली में, 2016 में चंडीगढ़ में, 2017 में लखनऊ में और 2018 में देहरादून में आयोजित किया गया था। आइए हम आपको बताते हैं 5th International Yoga Day 2019, Ranchi के बारे में 10 खास बातें, जो आप जानना चाहते हैं...
- इस बार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का थीम 'योग फॉर हार्ट केयर' है। आयुष निदेशालय और लोक संपर्क एवं संचार ब्यूरो द्वारा विधानसभा मैदान में योगा फॉर हर्ट केयर विषय पर चित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई है।
- प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम में शामिल होने गुरुवार को रात 10.40 बजे भारतीय वायुसेना के विमान से रांची पहुंच जाएंगे। राजभवन में वह रात्रि विश्राम करेंगे।
- पीएम मोदी 21 जून को राजभवन से सड़क मार्ग से साढ़े छह बजे धुर्वा स्थित प्रभात तारा मैदान पहुंचेंगे। यहां कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सड़क मार्ग से रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगे। जहां से दिल्ली के रवाना होंगे।
- प्रभात तारा मैदान के मुख्य समारोह स्थल पर सुबह तीन बजे से पांच बजे तक लोगों की एंट्री होगी। वीआइपी के लिए सुबह 6 बजे तक प्रवेश की सुविधा होगी। प्रतिभागियों को निर्धारित स्थान पर ही बैठना होगा। मुख्य कार्यक्रम में लगभग 35000 लोगों के लिए योग करने की व्यवस्था की गई है।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के बाद 45 मिनट का मुख्य कार्यक्रम सुबह 6:30 बजे शुरू होगा। कुल 13 योग आसन, अभ्यास और तीन प्राणायाम किए जाएंगे।
- पीएम मोदी के साथ मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय आयुष राज्यमंत्री श्रीपद येसो नाइक, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी के अलावा केंद्र व राज्य सरकार के कई पदाधिकारी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
- कई दूसरे राज्यों व देशों के प्रतिनिधि भी इस कार्यक्रम में शामिल होने रांची पहुंच रहे हैं। राज्य के बाहर के 800 से अधिक लाेगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। 32 विदेशी नागरिकों ने ऑनलाइन इंट्री हासिल की है।
- चार जगहों से लाइव टेलीकास्ट, 40 से अधिक बड़े एलईडी स्क्रीन लगाए गए हैं। योगप्रेमियों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने के लिए 600 बड़े व छोटे वाहनों की व्यवस्था की गई है।
- 400 अस्थायी शौचालय बनाए हैं। पेयजल के लिए 80 कियोस्क लगाए गए हैं। 50 टैंकर पानी की व्यवस्था है। वैकल्पिक तौर पर बगल के नेहरू स्टेडियम में भी योगाभ्यास की व्यवस्था की गई है।
- प्रभात तारा मैदान को छह क्लस्टरों तथा 44 सेक्टरों में बांटा गया है। पांच हजार जवान तथा 500 मजिस्ट्रेट सुरक्षा में तैनात किए गए हैं। पानी के बोतल, मैट आदि ले जाने पर रोक लगा दी गई है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप