DigiLocker में रखे दस्तावेज दिखाएं, ट्रैफिक पुलिस नहीं करेगी परेशान Ranchi News
Traffic Police. झारखंड के डीजीपी ने सभी जिलों को आदेश जारी कर कहा है कि यातायात नियम का खुद भी पालन करें और दूसरे को भी प्रेरित करें।
रांची, राज्य ब्यूरो। Ranchi Traffic Police - अगर यातायात पुलिस दस्तावेज मांगती है तो घबराएं नहीं, मोबाइल में डीजी लॉकर एप में रखे सभी दस्तावेज की कॉपी दिखा सकते हैं। यह कहना है कि डीजीपी कमल नयन चौबे का। उन्होंने सोमवार को सभी जिलों के एसपी को यह निर्देश भी जारी किया है कि यातायात पुलिस अनावश्यक रूप से किसी को परेशान नहीं करे। नए मोटर वाहन अधिनियम का कड़ाई से पालन हो, लेकिन अदब के साथ। जो नियम उल्लंघन करते पकड़े जाएं, उन्हें यातायात नियम की जानकारी दी जाए और उनके विरुद्ध विधिसम्मत दंडात्मक कार्रवाई करें।
डीजीपी ने जिलों को जारी निर्देश में कहा है कि अब यातायात नियम तोडऩे के मामले में जुर्माने की राशि काफी बढ़ गई है। इसके चलते आम नागरिकों में आक्रोश है। इसलिए जरूरी है कि आदर के साथ दंडात्मक कार्रवाई करनी है। आजकल सोशल मीडिया सक्रिय है। सोशल मीडिया पर पुलिसकर्मी भी बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट की गाड़ी चलाते हुए दिखते हैं।
इससे पूरे पुलिस महकमे के अच्छे कार्यों की लीपापोती हो जाती है। इसलिए जरूरी है कि पुलिसकर्मी भी यातायात नियम का पूरी तरह पालन करें। अगर वे भी यातायात नियम तोड़ते हुए पकड़े जाते हैं तो उनके विरुद्ध आम जनता की तरह ही कानूनन कार्रवाई करें। उनके खिलाफ कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। नए यातायात कानून का उद्देश्य लोगों का जीवन बचाना है, राजस्व की उगाही नहीं। इसलिए जरूरी है आम जनता के बीच इस नए कानून के प्रति जागरूकता पैदा करें।
क्या है डीजी लॉकर एप
डीजी लॉकर एप डिजिटल लॉकर है। इसमें आप अपने सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज रख सकते हैं। इसे पासवर्ड प्रोटेक्टेड बना सकते हैं। इसे केवल आप ही खोल सकते हैं और अपने दस्तावेज दिखा सकते हैं। इसे आप गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। एप डाउनलोड करने के बाद साइन इन करें और अपना अकाउंट बनाएं। इसके बाद इसमें आप अपना ड्राइविंग लाइसेंस, गाड़ी का रजिस्ट्रेशन (आरसी) आदि रख सकते हैं। ट्रैफिक पुलिस के मांगने पर इसे आप दिखा सकते हैं। इससे आप दस्तावेजों को फिजिकल रूप से अपने पास रखने से बच सकते हैं। इसे आप कहीं भी कभी भी दिखा सकते हैं।