KBC 12: कौन बनेगा करोड़पति में पूछा गया झारखंड के मुख्यमंत्री से जुड़ा सवाल, क्या आपको पता है जवाब
KBC 12 इस सप्ताह प्रसारित शो में एक सवाल झारखंड के मुख्यमंत्री से जुड़ा हुआ पूछा गया। हालांकि यह सवाल बहुत ही आसान था लेकिन सवाल पूछने का तरीका बहुत ही रोचक रहा। प्रतियोगी ने इसका सही जवाब दिया।
रांची, जेएनएन। बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन द्वारा सोनी टीवी पर पेश किया जा रहा गेम शो न सिर्फ ज्ञानवर्द्धन करता है, बल्कि लोगों के सपनों को भी पूरा करता है। सवाल-जवाब में ही इस गेम शो के द्वारा कई नई बातें भी पता चलतीं हैं। सोमवार को प्रसारित शो में एक सवाल झारखंड के मुख्यमंत्री से जुड़ा हुआ पूछा गया। हालांकि यह सवाल बहुत ही आसान था, लेकिन सवाल पूछने का तरीका बहुत ही रोचक रहा।
इस सप्ताह सोमवार को गुजरात के राजकोट से आई रचना त्रिवेदी अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठी हुई थी। इस दौरान कंप्यूटर महाशय ने खेल का दूसरा सवाल झारखंड के मुख्यमंत्री से जुड़ा हुआ सामने रखा। सवाल था कि इनमें से किस राजनीतिज्ञ का पहला नाम एक मौसम का भी नाम है। इस प्रश्न के जवाब के रूप में चार विकल्प ए- संबित पात्रा, बी- राघव चड्ढा, सी- तेजस्वी सूर्या और डी- हेमंत सोरेन दिया गया।
रचना त्रिवेदी ने तुरंत इसका सही जवाब विकल्प डी- हेमंत सोरेन दिया। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम का पहला अक्षर हेमंत एक ऋुतु का भी नाम है। उल्लेखनीय है कि भारत में मुख्य रूप से छह ऋुतु होते हैं। पहला वर्षा, दूसरा ग्रीष्म, तीसरा शरद, चौथा हेमंत, पांचवां शिशिर और छठा वसंत ऋतु। सबका अलग महत्व है।
एक मल्टीनेशनल कंपनी में बिजनेस रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत रचना ने सोमवार को हूटर बज जाने के कारण मंगलवार को भी खेल जारी रखा और दुर्भाग्यवश 3 लाख 20 हजार रुपये ही जीत सकीं। हालांकि उनके पास दो लाइफ लाइन जीवित थीं। दरअसल रचना ने 11वें सवाल का गलत जवाब दे दिया। इससे वह खेल में नीचे गिरकर 3 लाख 20 हजार रुपये ही घर ले जा सकीं। 11वां सवाल था कि अभिनेत्री हरनीत कौर को हम किस नाम से बेहतर जानते हैं? रचना ने इसका गलत जवाब सनी लियोन दिया, जबकि सही जवाब नीतू कपूर है।
बता दें कि कौन बनेगा करोड़पति दर्शकों की पहली पसंद बना हुआ है। अमिताभ बच्चन द्वारा पेश किए जाने के तरीके के कारण इस शो ने अपने शुरुआती काल से ही अपनी अलग पहचान बना ली है। यहां आकर लोग ज्ञान के बल पर अपने सपने पूरे करते नजर आते हैं। अब तक 2020 के इस सीजन में केबीसी को तीन करोड़पति मिल चुके हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि तीनों करोड़पति महिला हैं। इनमें से एक करोड़पति रांची की रहने वाली नाजिया नसीम हैं।
यह भी पढ़ें: झारखंड पुलिस दे रही करोड़पति बनने का मौका, बस करना होगा यह काम
यह भी पढ़ें: KBC 2020: रांची पहुंचीं केबीसी में एक करोड़ जीतने वाली नाजिया, कहा- पैसे मिलने पर सोचेंगे क्या करना है