बच्चों के भविष्य के लिए साड़ी पहन नंगे पैर दौड़ी मां, झारखंड में होमगार्ड ट्रायल का वीडियो वायरल
रामगढ़ की कविता देवी ने पति की मृत्यु के बाद बच्चों के भविष्य के लिए होमगार्ड भर्ती ट्रायल में साड़ी ...और पढ़ें
HighLights
रामगढ़ की कविता देवी ने होमगार्ड भर्ती ट्रायल में भाग लिया।
पति की मृत्यु के बाद बच्चों के भविष्य के लिए प्रयास।
साड़ी पहनकर नंगे पांव दौड़ने का वीडियो हुआ वायरल।
संवाद सहयोगी, रामगढ़। नौकरी पाने का जुनून क्या होता है, यह अगर देखना हो तो रामगढ़ जिले के दुलमी प्रखंड स्थित सोसो गांव निवासी कविता देवी को देखें। करीब तीन वर्ष पूर्व बीमारी के कारण पति की मौत के बाद, अपने दो बच्चों का भविष्य संवारने के लिए वे खुद अपने पैरों पर खड़ी होना चाहती हैं।
विदित हो कि झारखंड के रामगढ़ जिले में 284 पदों पर होमगार्ड जवानों की बहाली होनी है। इसके लिए 24 अक्टूबर से लेकर पांच नवंबर तक परीक्षा आयोजित होनी है। जानकारी के अनुसार, इसमें विधवा और तलाकशुदा महिलाओं के लिए पांच प्रतिशत अतिरिक्त आरक्षण का प्रावधान किया गया है।
1600 मीटर का ट्रायल रन
अंकित रनर एकेडमी की ओर से शहर के बाजार टांड़ स्थित सिद्धो कान्हो स्टेडियम परिसर में गत चार अक्टूबर को सुबह छह बजे से 11 बजे के बीच होमगार्ड परीक्षा के लिए ट्रायल लिया गया था।
निःशुल्क आयोजित इस 1600 मीटर के ट्रायल में बड़ी संख्या में प्रतिभागी शामिल होने आए थे। इनमें काफी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं।
नंग पांव दौड़ीं कविता
इन्हीं में से एक दुलमी प्रखंड के सोसो गांव निवासी कविता देवी भी थीं। न तो उनके पास ट्रैक सूट आदि था और न ही जूते। फिर भी वे नंगे पांव ही ट्रायल में दौड़ पड़ीं।
वीडियो हुआ वायरल
यह देखकर वहां मौजूद लोगों का ध्यान सहज ही, साड़ी पहने और नंगे पैर दौड़ रही कविता पर गया और लोगों ने अपने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। यह वीडियो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
दौड़ समाप्त होने के बाद कविता की लगन को देखकर अंकित रनर एकेडमी के संचालक अंकित अग्रवाल व अन्य लोग उनके घर पहुंचे और उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप जर्सी, जूते आदि प्रदान किए।
इसके अलावा अन्य लोगों ने भी कविता को खेल सामग्री प्रदान की, ताकि उन्हें अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने में किसी तरह की परेशानी न हो।
