बेड़ो के कस्तूरबा बालिका विद्यालय में बालकनी गिरी, दूसरे तल्ले की तीन छात्राएं जख्मी; एक रांची रेफर
बेड़ो स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय के छात्रावास की बालकनी गिरने से तीन छात्राएं घायल हो गईं। एक गंभीर ...और पढ़ें

बेड़ो कस्तूरबा स्कूल छात्रावास की बालकनी गिरने से तीन छात्राएं घायल।
HighLights
गंभीर रूप से घायल एक छात्रा को रांची सदर अस्पताल रेफर।
पूर्व शिक्षा मंत्री बंधु तिर्की ने घटना स्थल का दौरा किया।
संवाद सूत्र, तोरपा (बेड़ो)। झारखंड के सरकारी स्कूल भवनों की हालत किसी से छिपी नहीं है। पुराना निर्माण और मेंटेनेंस के अभाव में कई स्कूलों के भवन जर्जर अवस्था में हैं। ताजा मामला बेड़ो प्रखंड मुख्यालय स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का है। जहां विद्यालय परिसर में स्थित छात्रावास के दूसरे तल्ले की बालकनी शनिवार रात लगभग 10 बजे टूटकर गिर गई।
जिससे बालकनी में खड़ी चार छात्राओं में से तीन गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों में एक छात्रा की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घायलों में वर्ग 9वीं की छात्रा रंजीता मिंज, सरस्वती कुमारी व सीता उरांव का नाम शामिल है।
वहीं संतोषी कुमारी पहले तल्ले की बालकनी में गिरने से बाल- बाल बच गई और उसे चोट नहीं लगी। तीनों घायलों का इलाज बेड़ो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल रंजीता मिंज को बेहतर इलाज के लिए रांची सदर अस्पताल रेफर कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार शनिवार रात 10 बजे सभी छात्राएं अपने कमरे में थीं।

चार छात्राएं बालकनी में खड़ी थीं, टूटकर लटक गया छज्जा
चार छात्राएं बालकनी में खड़ी थीं, इसी दौरान बालकनी का छज्जा टूटकर लटक गया और दूसरे तल्ले से छात्राएं जमीन पर गिर पड़ीं, जिससे तीन छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं ।इस घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही शिक्षिका राखी जयसवाल ने कार मंगाकर सभी घायलों को बेड़ो सीएचसी पहुंचाया। इधर घटना की सूचना मिलते ही पूर्व शिक्षा मंत्री सह झारखंड सरकार की समन्वय समिति के सदस्य व कांग्रेस पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की प्रखंड अध्यक्ष करमा उरांव, रांची जिला ग्रामीण कांग्रेस के महासचिव परवेज आलम व सोमरा लोहरा स्कूल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
इस दौरान बंधु तिर्की ने वार्डन अल्मा कुंडु को कड़ी फटकार लगाते हुए छात्रावास का मुआयना किया। इसके बाद छात्राओं को अनुशासन बनाए रखने और मन लगाकर पढ़ाई करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि क्लास के बाद इधर-उधर नहीं घूमना है, लगन से पढ़ाई करें। शिक्षा से ही आप सभी छात्राओं का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित हो सकता है। उन्होंने शिक्षकों से आपसी समन्वय के साथ बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार करने को कहा ताकि छात्राओं का सर्वांगीण विकास हो सके।
