कोडरमा के ध्वजाधारी धाम में निकाली गई भव्य कलश यात्रा, कर्दम ऋषि के मंदिर की होगी प्राण-प्रतिष्ठा
Jharkhand. कलश यात्रा में स्थानीय सांसद अन्नपूर्णा देवी विधायक नीरा यादव धाम के महंत महामंडलेश्वर सुखदेव दास जी महाराज के अलावा हजारों की संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए।
कोडरमा, जासं। कोडरमा के प्रसिद्ध ध्वजाधारी धाम में कर्दम ऋषि व राधा-कृष्ण मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर बुधवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में स्थानीय सांसद अन्नपूर्णा देवी, विधायक नीरा यादव, धाम के महंत महामंडलेश्वर सुखदेव दास जी महाराज के अलावा हजारों की संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए। कलश यात्रा में शामिल 5001 महिलाएं ध्वजाधारी धाम से चलकर कोडरमा के बरसोतिया बर नदी तक गई। यहां कलश में जल भरकर महिलाएं वापस ध्वजाधारी धाम पहुंची।
इधर मरकच्चो में भी दुर्गा प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ को लेकर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यहां भी कलश यात्रा में 5001 महिलाएं शामिल हुईं। कलश यात्रा मरकच्चो दुर्गा मंडप से चलकर पंचखेरो नदी तक पहुंची। यहां से महिलाएं कलश में जल भरकर वापस दुर्गा मंडप पहुंची। यात्रा के दौरान देवी-देवताओं के जयकारे लगाए गए। इस यात्रा में भी स्थानीय सांसद अन्नपूर्णा देवी, विधायक नीरा यादव शामिल हुईं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की गई। यात्रा में आकर्षक झांकी भी सजाई गई थी।
कलश यात्रा के पश्चात गुरुवार से दोनों जगह पर यज्ञ का शुभारंभ होगा। इसमें विभिन्न कर्मकांडों के अलावा वृंदावन से आए पंडित के द्वारा प्रवचन आदि का कार्यक्रम होगा। 6 मार्च को दोनों यज्ञ स्थलों पर योग गुरु स्वामी रामदेव जी महाराज के आगमन का कार्यक्रम है। इसे लेकर भी तैयारी जोर-शोर से की जा रही है। आयोजन को लेकर पूरे जिले का माहौल भक्तिमय हो गया है। उल्लेखनीय है कि कोडरमा का ध्वजाधारी धाम ब्रह्मा के मानस पुत्र ऋषि कर्दम की तपोभूमि माना जाता है। पूरे देश में यह पहला स्थान है, जहां ऋषि कर्दम की मंदिर व प्रतिमा स्थापित की जा रही है।