झाविमो ने लक्ष्य से ढाई लाख ज्यादा सदस्य बनाए Ranchi News
झारखंड विकास मोर्चा के सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पार्टी अस्तित्व में है तब तो उसकी चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि झाविमो गठबंधन का पक्षधर है।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) के प्रमुख बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि झाविमो कार्यकर्ताओं ने ढाई लाख लक्ष्य के विरुद्ध पांच लाख से अधिक नए सदस्य बनाकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मरांडी गत 18 जुलाई से शुरू होकर 18 अगस्त तक चले सदस्यता अभियान के समापन समारोह को रविवार को संबोधित कर रहे थे। मौके पर विभिन्न दलों और सामाजिक संगठनों के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने झाविमो की सदस्यता ग्रहण की।
मरांडी ने मनु चौधरी को इस मौके पर सुखदेव नगर मंडल का अध्यक्ष घोषित किया। समारोह की अध्यक्षता सुनील गुप्ता ने की। एक सवाल के जवाब में बाबूलाल ने दावा किया कि झारखंड विकास मोर्चा का अस्तित्व समाप्त होने की बात करने वाली भाजपा को आज सर्वाधिक खतरा झाविमो से ही है। यही वजह है कि वह दुष्प्रचार में जुटी है।
उन्होंने कहा कि रघुवर सरकार के लगभग पांच वर्षों के कार्यकाल में एक भी उद्योग नहीं लगे, अलबत्ता कई बंद जरूर हो गए। बेरोजगार पलायन और किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं। 'बिजली नहीं तो वोट नहीं' का नारा देने वाली यह सरकार बिजली ही नहीं, हर मोर्चे पर फेल है। रिश्वतखोरी चरम पर है। ट्रांसफर-पोस्टिंग के नाम पर लाखों की उगाही हो रही है।