कर्मचारी चयन आयोग से गिड़गिड़ा रहे विभाग, हम नौकरी देने को तैयार, आप परीक्षा तो लीजिए
JSSC Jobs. झारखंड में एक हजार से अधिक गैर प्रशासनिक सेवा अधिकारियों के पद रिक्त हैं, जबकि कर्मचारी चयन आयोग को तीन साल से अधियाचना भेजा जा रहा है।
रांची, आशीष झा। तीन वर्ष से अधिक हो जाने के बाद भी कर्मचारी चयन आयोग गैर प्रशासनिक सेवा के एक हजार से अधिक पदों के लिए परीक्षा का सफल संचालन नहीं कर सका है। नियुक्तियां तो नहीं ही हुईं, इस दौरान पत्राचार खूब हुए। मुकदमा भी चला और अंत में हाई कोर्ट ने नवंबर-2017 में फिर से विज्ञापन प्रकाशित करते हुए परीक्षा आयोजन का आदेश दिया। इसके बावजूद 14 महीनों में परीक्षा नहीं ली जा सकी है।
विभिन्न विभागों से इस दौरान नियमित अधियाचनाएं प्राप्त होती रही हैं और कार्मिक विभाग भी झारखंड कर्मचारी चयन आयोग को पत्र लिखता रहा है। सामान्य योग्यता वाले 662 पदों की रिक्तियों से संबंधित अधियाचना दिसंबर-2015 में भेजी गई थी। लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व विशिष्ट अथवा तकनीकी योग्यता वाले पदों के लिए मई-2017 में भी अधियाचना भेजी गई थी। 488 पदों के लिए भेजी गई इस अधियाचना के बाद भी कई पद रिक्त हो गए हैं लेकिन परीक्षा नहीं हो रही है।
यह स्थिति तब है जब राज्य और केंद्र सरकार नियुक्तियों और रोजगार को प्राथमिकता में शामिल किए हुए है। ऐसा नहीं है किकर्मचारी चयन आयोग ने इस मामले की अनदेखी की लेकिन जनवरी-2017 में हुई परीक्षा में गड़बडिय़ों के कारण परिणाम निकलने के बाद आगे की प्रक्रिया स्थगित की गई और फिर परीक्षाफल को रद किया गया।
कोर्ट के निर्णय के बाद यह भी तय हुआ था कि पहले परीक्षा दे चुके अभ्यर्थियों से परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा और नए अभ्यर्थियों को भी आवेदन की अनुमति होगी। पूर्व में परीक्षा दे चुके छात्र अगर चाहें तो उनके शुल्क को लौटाने की बात भी कही गई थी। हाई कोर्ट ने नवंबर-2017 में ही नए सिरे से विज्ञापन प्रकाशित करते हुए परीक्षा आयोजित करने का आदेश दिया था। लेकिन 14 महीने बीत जाने के बाद भी मामला पत्राचार तक ही लटका हुआ है। विभाग से पत्र कार्मिक को मिलता है और कार्मिक से आयोग को। नौकरी का सिलसिला बंद होता जा रहा है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने अपने अंतिम पत्र में कुल 1150 पदों की रिक्तियों से संबंधित सूचना आयोग को दी थी।
सामान्य योग्यता वाले पद
पदनाम - पदों की संख्या - बैकलॉग
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी - 122 - 14
प्रखंड कल्याण पदाधिकारी - 139 - 00
सहकारिता प्रसार पदाधिकारी -116 - 25
सचिवालय सहायक - 104 - 00
अंचल निरीक्षक-कानूनगो -108 - 00
श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी - 34 - 00
कुल - 623 - 39
तकनीकी योग्यता वाले पद
प्रखंड कृषि पदाधिकारी - 194 - 28
सहायक अनुसंधान पदाधिकारी - 08 -00
पौधा संरक्षण निरीक्षक - 20 - 00
सांख्यिकी सहायक - 18 - 01
वरीयक अंकेक्षक - 110 - 02
उद्योग विस्तार पदाधिकारी - 48 - 00
मत्स्य विस्तार पदाधिकारी - 30 - 00
भूतात्विक विश्लेषक - 29 - 00
कुल - 457 - 31