विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल के बीरगंज होटल से लेकर बोकारो तक फैली थी धांधली की तारें: JSSC CGL मामले में CID का बड़ा खुलासा

Published: Wed, 16 Sep 2026 10:03 PM (IST)Updated: Wed, 16 Sep 2026 10:20 PM (IST)

जेएसएससी सीजीएल पेपर लीक मामले में सीआईडी ने खुलासा किया है कि अभ्यर्थियों को प्रश्न-उत्तर रटवाने के लिए नेपाल के बीरगंज होटल का इस्तेमाल किया गया था।

सीआइडी को अब तक की जांच में अभ्यर्थियों को नेपाल ले जाकर प्रश्न व उत्तर रटवाने की जानकारी मिली है।

सीआइडी को अब तक की जांच में अभ्यर्थियों को नेपाल ले जाकर प्रश्न व उत्तर रटवाने की जानकारी मिली है।

HighLights

  1. बोकारो और आसनसोल में भी बनाए गए थे प्रश्न रटवाने के ठिकाने।

  2. सीआईडी होटलों से रजिस्टर, बिल, सीसीटीवी फुटेज जब्त कर रही।

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की संयुक्त स्नातक स्तरीय (CGL) प्रतियोगिता परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले की जांच कर रही सीआईडी (CID) ने आरोपियों के खिलाफ मजबूत डिजिटल व भौतिक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई तेज कर दी है।
 
मामले की तफ्तीश के लिए गठित 17 सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) उन सभी संदिग्ध ठिकानों की गहन छानबीन कर रही है, जहां अभ्यर्थियों को प्रश्न पत्र और उत्तर रटवाए गए थे।
 

नेपाल के बीरगंज होटल में ठहरे थे 28 अभ्यर्थी

सीआईडी की जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि गिरोह ने अभ्यर्थियों को प्रश्न-उत्तर रटवाने के लिए देश से बाहर अंतरराष्ट्रीय सीमाओं तक का इस्तेमाल किया। 
 
जांच में पाया गया कि पटना और मोतिहारी के रास्ते 28 अभ्यर्थियों को नेपाल के बीरगंज स्थित होटल वेलकम नेपाल ले जाया गया था। 
 
वहां कमरा बुक कराकर सभी अभ्यर्थियों को जेएसएससी सीजीएल परीक्षा के प्रश्न और उनके सही उत्तर याद करवाए गए थे।
 

बोकारो और आसनसोल में भी बने थे गुप्त ठिकाने

नेपाल के अलावा झारखंड के बोकारो और पश्चिम बंगाल के आसनसोल में भी गुप्त ठिकाने बनाए गए थे:

  •     बोकारो स्टील सिटी: बोकारो के एक आवास में एक दर्जन से अधिक अभ्यर्थियों को रखा गया था। परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी ICN के संचालक मिथिलेश सिंह और उसके सहयोगियों ने यहां अभ्यर्थियों को प्रश्न पत्र रटवाए। 
इसका खुलासा जेपीएससी परीक्षा से जुड़ी एजेंसी TDPL के मार्केटिंग मैनेजर अभय कुमार तिवारी ने पूछताछ में किया। रटने वालों में अभय, उसकी पत्नी सुषमा कुमारी और भाई अक्षय तिवारी भी शामिल थे।
  •     आसनसोल (पश्चिम बंगाल): आसनसोल के एक होटल में भी कई अभ्यर्थियों को ठहराकर प्रश्न-उत्तर रटवाने की पुष्टि हुई है।


होटल रजिस्टर, बिल और सीसीटीवी खंगाल रही SIT

सीआईडी की टीम ने संबंधित सभी होटलों और ठिकानों की तलाशी लेकर वहां के एंट्री रजिस्टर, बिलिंग डिटेल्स और सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए हैं। 
 
जांच का मुख्य उद्देश्य यह सत्यापित करना है कि उस दौरान कमरे और हॉल किसके नाम पर बुक किए गए थे और वहां कौन-कौन लोग ठहरे थे। पुलिस को कई अन्य संभावित ठिकानों की भी जानकारी मिली है, जिनका सत्यापन जारी है।