झारखंड में JSSC-CGL से नियुक्त दो अफसरों से CID ने दो दिनों तक रिमांड पर लेकर की पूछताछ, भेजा जेल
JSSC-CGL पेपर लीक: सीआईडी ने सीजीएल परीक्षा अनियमितता मामले में गिरफ्तार दो सफल अभ्यर्थियों, दीपक कुमार और विजय कुमार तिवारी ...और पढ़ें

28 अगस्त को गिरफ्तार किए गए थे दोनों सफल अभ्यर्थी सहित चार आरोपित।
HighLights
सीआईडी ने जेएसएससी सीजीएल के दो सफल अभ्यर्थियों से पूछताछ की।
दीपक कुमार और विजय कुमार तिवारी दो दिन की रिमांड पर थे।
पूछताछ पेपर लीक सिंडिकेट और वित्तीय लेनदेन पर केंद्रित थी।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की झारखंड स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (सीजीएल) 2023 में अनियमितता, कथित पेपर लीक आदि से जुड़े मामले की जांच कर रही सीआईडी ने पूर्व में गिरफ्तार दो सफल अभ्यर्थियों से दो दिनों तक रिमांड पर पूछताछ की।
सीआईडी ने जिन्हें रिमांड पर लिया था, उनमें धनबाद के श्यामली होटल नवाडीह के डुप्लेक्स सनशाइन अपार्टमेंट निवासी दीपक कुमार तथा धनबाद जिले के ही राजगंज थाना क्षेत्र के रोआम धड़किड़ो निवासी विजय कुमार तिवारी शामिल थे।
दोनों ही सफल अभ्यर्थी 28 अगस्त को दो अन्य सफल अभ्यर्थियों के साथ गिरफ्तार किए गए थे। सीआईडी ने दीपक व विजय को रविवार को दो दिनों की रिमांड पर लिया था। पूछताछ के बाद दोनों ही सफल अभ्यर्थियों को जेल भेज दिया।
इन दोनों ही अभ्यर्थियों से सीआईडी ने दो दिनों तक परीक्षा में सेटिंग कराने वाले सिंडिकेट के बारे में जानकारी ली। परीक्षा पास कराने के एवज में कितनी राशि किसे दी, किसके-किसके संपर्क में रहे, किसका सहयोग मिला। दोनों के पास जितनी सूचनाएं थी, उतनी सीआइडी ने कलमबद्ध की है।
अब उनके बयान के आधार पर सीआईडी अपनी जांच की कड़ी आगे बढ़ाएगी। गौरतलब है कि सीआईडी ने जेएसएससी सीजीएल में कथित पेपर लीक मामले में एक जनवरी 2025 को सीआईडी थाना कांड संख्या 01/2025 में दर्ज कांड की थी।
इसके बाद से ही इस मामले की जांच चल रही है। पिछले करीब डेढ़ महीने से सीआईडी की जांच तेज हुई है। सफल अभ्यर्थियों पर रिश्वत देकर दलालों, एजेंटों के माध्यम से लीक प्रश्न लेने, उत्तर रटने व परीक्षा में सफलता हासिक करने का आरोप है।
400 सफल अभ्यर्थियों से पूछताछ कर चुकी है CID
सीआईडी अब तक 400 सफल अभ्यर्थियों से पूछताछ कर चुकी है। हर दिन नोटिस भेजकर सीआइडी जेएसएससी सीजीएल के सफल अभ्यर्थियों को पूछताछ के लिए बुला रही है और उनसे पूछताछ कर रही है।
सोमवार को भी 25 सफल अभ्यर्थियों से सीआइडी ने पूछताछ की है। उनसे परीक्षा से जुड़े सवाल किए जा रहे हैं। सभी सफल अभ्यर्थियों से परीक्षा पास कराने वाले सिंडिकेट से जुड़े सवाल किए जा रहे हैं। उनसे आरोपितों का सत्यापन कराया जा रहा है।
