JSSC CGL पेपर लीक मामला: आरोपी एजेंट दिलीप पासवान 3 दिन की CID रिमांड पर, उगलेगा सिंडिकेट के राज
सीआईडी ने जेएसएससी सीजीएल पेपर लीक मामले में मुख्य आरोपी एजेंट दिलीप कुमार पासवान को तीन दिन की रिमांड पर लिया है।

झारखंड सीआईडी। (फाइल फोटो)
HighLights
सीआईडी ने दिलीप पासवान को तीन दिन की रिमांड पर लिया।
आसनसोल में छात्रों को प्रश्न-उत्तर रटवाने का आरोप है।
पेपर लीक सिंडिकेट पर सीआईडी की जांच जारी है।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की संयुक्त स्नातक स्तरीय (सीजीएल) प्रतियोगिता परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले की जांच कर रही सीआईडी ने पूर्व में गिरफ्तार एक आरोपित एजेंट दिलीप कुमार पासवान को शनिवार को तीन दिनों की रिमांड पर लिया है।
दिलीप कुमार पासवान मूल रूप से बिहार के जमुई के खैरा का रहने वाला है और वर्तमान में पश्चिम बंगाल के नवकाडिया थाना क्षेत्र के केंदा स्थित ईस्ट केंदा कॉलोनी में रहता था।
सीआईडी ने छानबीन में पाया है कि दिलीप कुमार पासवान ने चार-पांच छात्राें को बंगाल के आसनसोल के एक होटल में प्रश्न व उत्तर रटवाया था।
वैसे अभ्यर्थी परीक्षा में सफल भी हुए थे। उसकी गिरफ्तारी सीआईडी थाना में एक जनवरी 2025 को दर्ज कांड संख्या 01/2025 में हुई थी। सीआईडी ने छानबीन में पाया था कि प्रश्न व उत्तर रटवाने के एवज में उसने अभ्यर्थियों से मोटी रकम की वसूली की थी।
इससे संबंधित ठोस सबूत मिलने के बाद ही सीआईडी ने उसे गिरफ्तार किया था। अब सीआईडी उससे तीन दिनों तक पूछताछ करेगी। सीआईडी उससे जानकारी जुटाएगी कि उसे पेपर किसके माध्यम से मिला था।
उसने अब तक कितने अभ्यर्थियों से कितनी राशि वसूली और उसे कहां-कहां पहुंचाया। दिलीप कुमार पासवान के बयान के आधार पर सीआईडी अपनी जांच को आगे बढ़ाएगी।
20 सफल अभ्यर्थियों का सीआईडी ने लिया है बयान
सीआईडी ने शनिवार को जेएसएससी सीजीएल कथित पेपर लीक मामले में 20 सफल अभ्यर्थियों का बयान दर्ज किया है। अब तक 500 से अधिक सफल अभ्यर्थियों से सीआईडी पूछताछ कर चुकी है।
अभ्यर्थियों से पेपर लीक के सिंडिकेट के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। सिंडिकेट के जिन सदस्यों के बारे में सीआईडी को जानकारी मिल रही है, उसका सत्यापन भी चल रहा है। संदिग्ध मिलने पर व साक्ष्य मिलने पर संबंधित आरोपित की गिरफ्तारी की जा रही है।
