विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जेपीएससी घोटाले अब तक 25 अरेस्ट: शिवांगन कोचिंग संचालक के दो रिश्तेदार गिरफ्तार, धांधली से पास की थी परीक्षा

Published: Wed, 16 Sep 2026 06:25 PM (IST)

जेपीएससी अनियमितता मामले में सीआईडी ने शिवांगन कोचिंग संचालक संजीत कुमार के दो रिश्तेदारों, ऋतिक रौशन और पंकज प्रसून्न को ...और पढ़ें

जमशेदपुर का रहने वाला है कोचिंग संचालक संजीत कुमार का ममेरा भाई गिरफ्तार ऋतिक रौशन।

जमशेदपुर का रहने वाला है कोचिंग संचालक संजीत कुमार का ममेरा भाई गिरफ्तार ऋतिक रौशन।

HighLights

  1. सीआईडी ने जेपीएससी घोटाले में दो और आरोपी पकड़े।

  2. शिवांगन कोचिंग संचालक संजीत कुमार के रिश्तेदार गिरफ्तार हुए।

  3. इन्होंने धांधली से एफआरओ और एसीएफ परीक्षा पास की थी।

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की परीक्षाओं में अनियमितता, कथित पेपर लीक, ओएमआर शीट में हेराफेरी मामले की जांच कर रही सीआईडी ने बुधवार को दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों ही आरोपित रांची के लालपुर में सरकुलर रोड स्थित कोचिंग संस्थान शिवांगन की पाठशाला के गिरफ्तार संचालक संजीत कुमार के रिश्तेदार हैं।

गिरफ्तार आरोपितों में संजीत कुमार का ममेरा भाई ऋतिक रौशन व चचेरा भाई पंकज प्रसून्न शामिल हैं। ऋतिक रौशन पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) जिले के उलीडीह थाना क्षेत्र में सुंदर नगर गार्डन मानगो के समीप संजय पथ का रहने वाला है।

उसने सेटिंग से फारेस्ट रेंज अफसर (वन क्षेत्र अधिकारी) की परीक्षा पास की थी। वहीं चचेरा भाई पंकज प्रसून्न संजीत कुमार के साथ ही रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में कमलाकांत रोड स्थित शिव भवन में रहता था। उसने एसीएफ यानी असिस्टेंट कंजर्वेटर आफ फॉरेस्ट (सहायक वन संरक्षक) की परीक्षा पास की थी।

सीआईडी ने इन दोनों ही आरोपितों से पूर्व शिवांगन कोचिंग के संचालक संजीत कुमार को गिरफ्तार किया था। संजीत कुमार से पूछताछ व उसकी निशानदेही पर जब्त दस्तावेज के आधार पर पाया कि उसके इन दोनों रिश्तेदारों ने भी सेटिंग से उक्त दोनों परीक्षाओं में सफलता हासिल की थी। उनकी सेटिंग संजीत कुमार ने ही कराया था। अब इन दोनों आरोपितों ने कितनी राशि दी, किसको दी और इन्हें किस तरह मदद पहुंचाई गई है, इस बिंदु पर सीआइडी की छानबीन जारी है।

जेपीएससी मेधा घोटाला केस में अब तक 25 आरोपित हो चुके हैं गिरफ्तार

जेपीएससी मेधा घोटाला मामले में सीआइडी ने सीआइडी थाना कांड संख्या 16/2026 में प्राथमिकी दर्ज कर पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के क्रम में ही सीआईडी ने अब तक जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते, उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता कुमारी गुप्ता, परीक्षा संचालित कराने वाली एजेंसी मेसर्स टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (टीडीपीएल) के निदेशक रामवीर सिंह को अरेस्ट किया है।

टीडीपीएल के मार्केटिंग मैनेजर मनोज कुमार तिवारी उर्फ अभय कुमार तिवारी, दोनों तकनीकी प्रोग्रामर उस्मान व एबाद के अलावा तीन अन्य कर्मी हेमंत वर्मा, प्रदीप कुमार सिंह व संजय कुमार, जेपीएससी का कर्मचारी सोनू कुमार व टीडीपीएल के मार्केटिंग मैनेजर अभय तिवारी का सहयोगी अरविंद कुमार, 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में गलत तरीके से चयनित अभ्यर्थी सुमन सौरभ, तीन दलाल (सोर्स एजेंट) उमेश कुमार, बुद्धेश्वर भगत व रमेश कुमार को रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई है।

चार सफल अभ्यर्थी लोहरदगा के जुरिया कार्तिक नगर निवासी उमाकांत उरांव, रांची के नगड़ी निवासी रोशन केरकेट्टा, रांची के धुर्वा सेक्टर थ्री के क्वार्टर नंबर एएन 206 निवासी मनोज कुमार व उत्तर प्रदेश के लखनऊ के कोटाव बक्शी के तालाब निवासी रक्षक सिंह, एल. खियांग्ते का कंप्यूटर आपरेटर धर्मेंद्र कुमार, बिंसिस टेक्नोलोजी का अरुण कुमार उर्फ अरुण शर्मा, जेपीएससी की पूर्व सदस्य डाॅ. अजिता भट्टाचार्य का पीए ब्रज कुमार राम, शिवांगन की पाठशाला कोचिंग के संचालक संजीत कुमार और अब एफआओ व एसीएफ परीक्षा उत्तीर्ण ऋतिक रौशन तथा पंकज प्रसून्न को गिरफ्तार किया है।

जेएसएससी सीजीएल में कोडरमा से भी दो आरोपित एक दिन पहले जा चुके हैं जेल

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की संयुक्त स्नातक स्तरीय (सीजीएल) परीक्षा में कथित पेपर लीक व अनियमितता मामले में सीआइडी ने एक दिन पूर्व यानी मंगलवार को दो आरोपितों कोडरमा के डोमचांच थाना क्षेत्र के बगरो गोलवादाब स्थित वार्ड नंबर आठ निवासी राजेश प्रसाद यादव व कोडरमा थाना क्षेत्र के पूर्णा नगर निवासी संदीप कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था।

दोनों पर एक अभ्यर्थी को अनुचित लाभ पहुंचाने, प्रश्न व उत्तर रटवाने व उससे वित्तीय लेन-देन के साक्ष्य मिले थे। सीआइडी अब दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।