परीक्षा पास कराने के लाखों के लेन-देन और दलाल के लैपटॉप से मिली सेटिंग लिस्ट, JPSC घोटाले में CID का बड़ा खुलासा
जेपीएससी घोटाले की जांच कर रही सीआईडी ने चार्जशीट में आरोपितों के बैंक खातों में भारी संदिग्ध लेन-देन का खुलासा ...और पढ़ें

दलाल लोहरदगा निवासी बुद्धेश्वर भगत के लैपटाप से मिले 24 अभ्यर्थियों की सेटिंग लिस्ट।
HighLights
सीआईडी ने आरोपितों के खातों में संदिग्ध लेन-देन का खुलासा किया।
दलाल के लैपटॉप से 24 अभ्यर्थियों की 'सेटिंग लिस्ट' मिली।
14वीं जेपीएससी में 11 अभ्यर्थी सूची से उत्तीर्ण हुए।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की परीक्षाओं में कथित अनियमितता, पेपर लीक, ओएमआर शीट में हेराफेरी आदि मामलों की जांच कर रही सीआईडी ने अपनी चार्जशीट में कोर्ट में आरोपितों के बैंक खातों की जानकारी भी दी है।
सीआईडी ने कोर्ट को बताया है कि आरोपितों के बैंक खातों में भारी मात्रा में संदिग्ध लेन-देन हुए हैं। आयोग के तत्कालीन अधिकारियों, परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी मेसर्स टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (टीडीपीएल) व दलालों के सिंडिकेट ने सीट बेचने के एवज में बड़े पैमाने पर उगाही की थी।
रुपयों के निवेश के लिए कागजी कंपनियों का भी सहारा लिया गया था। सीआईडी ने चार्जशीट में पास बुक से जुड़े साक्ष्य, बैंक खाते की विवरणी, खाता खोलने के फार्म व केवाईसी के दस्तावेज को संलग्न किया है।
टीडीपीएल के मार्केटिंग मैनेजर अभय कुमार तिवारी ने प्रकाश रेसिडेंसी व सागर पैलेस के नाम पर संचालित खाते में अवैध लेन-देन की पुष्टि हुई है। उसने कागजी कंपनी सान्वी सप्लाई एंड सर्विसेज के बैंक खाते व दलाल पवन कुमार सिंह के बैंक खाते में संदिग्ध लेन-देन हुए हैं।
अभय तिवारी के कोटक महिंद्रा बैंक खाते का आठ लाख रुपये भरा हुआ चेक दलाल लालू यादव के ठिकाने से सीआइडी ने बरामद किया था।सीआईडी ने जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते की पत्नी लालरिंकीमनी के बैंक खाते का भी दस्तावेज जुटाया है, जिसके लेन-देन का सत्यापन किया जा रहा है।
सीआईडी ने कोर्ट को बताया है कि आरोपितों के सिंडिकेट ने अभ्यर्थियों से उनके मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्रों के साथ-साथ हस्ताक्षरित ब्लैंक चेक भी जमा कराया था। रुपयों के लेन-देन आरटीजीएस, यूपीआइ व हवाला के जरिए भी हुए थे।
सीआईडी को एक दलाल लोहरदगा निवासी बुद्धेश्वर भगत के लैपटाप की फोरेसिंग जांच कराई है, जिससे 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा के 24 अभ्यर्थियों की सेटिंग लिस्ट भी मिली है। इस सूची का जेपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा परिणाम से मिलान कराया गया तो सूची में दर्ज 24 में से 11 अभ्यर्थी सीधे तौर पर 14वीं जेपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा में उत्तीर्ण मिले।
हजारीबाग के दो भाइयों से 20-20 लाख में तय हुआ था पास कराने का सौदा
बुद्धेश्वर भगत के लैपटाप से मिली सूची में हजारीबाग के दो सगे भाइयों दिलीप कुमार राणा व ओमप्रकाश राणा के नाम भी शामिल थे। दोनों भाइयों से सीआइडी ने पूछताछ की थी, जिसमें उन्होंने बताया था कि बुद्धेश्वर भगत सिंडिकेट के एक अन्य दलाल संतोष कुमार के माध्यम से उनका 20-20 लाख रुपये में सौदा हुआ था।
सीआईडी ने आरोपितों के मोबाइल की काल डिटेल्स रिकार्ड व बैंक खातों के विश्लेषण से अवैध लेन-देन व संपर्क की पुष्टि की थी। दोनों भाई गिरफ्तार भी हुए थे।
