JPSC-JSSC पेपर लीक: कोचिंग संचालक समेत दो गिरफ्तार, आसनसोल में रटवाता था अभ्यर्थियों को उत्तर
सीआईडी ने जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक व अनियमितताओं के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया ...और पढ़ें

जेपीएससी की परीक्षाओं में एजेंट था शिवांगन कोचिंग का संचालक गिरफ्तार अप्राथमिकी अभियुक्त संजीत कुमार।
HighLights
सीआईडी ने परीक्षा अनियमितता मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
शिवांगन कोचिंग संचालक संजीत कुमार जेपीएससी मामले में गिरफ्तार किया गया।
दिलीप पासवान जेएसएससी सीजीएल पेपर लीक में पकड़ा गया।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) व झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की परीक्षाओं में अनियमितता, कथित पेपर लीक, ओएमआर शीट में हेराफेरी मामले की जांच कर रही सीआईडी ने सोमवार को कोचिंग संचालक सहित दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपितों में जेपीएससी की परीक्षाओं में एजेंट व अभ्यर्थियों की सेटिंग कराने की भूमिका में शामिल रहा आरोपित शिवांगन कोचिंग का संचालक संजीत कुमार तथा जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में चार-पांच छात्रों को आसनसोल में उत्तर रटवाने में शामिल आरोपित दिलीप कुमार पासवान शामिल हैं। सीआईडी ने दोनों ही आरोपितों को गिरफ्तार कर सीआईडी की विशेष अदालत में पेश किया, जहां से दाेनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जेपीएससी की परीक्षाओं में अनियमितता में गिरफ्तार हुआ है संजीत कुमार
सीआईडी ने जेपीएससी की परीक्षाओं में अनियमितता से जुड़े सीआइडी थाना कांड संख्या 16/2026 में अप्राथमिकी अभियुक्त संजीत कुमार को गिरफ्तार किया है। संजीत कुमार रांची के ही सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के शिव भवन कमलाकांत रोड रातू रोड का निवासी है।
वह सरकुलर रोड स्थित शिवांगन कोचिंग का संचालक है। संजीत कुमार पर आरोप है कि वह अभ्यर्थियों को जेपीएससी की परीक्षा पास करवाने का दावा करता था। उनकी सेटिंग के नाम पर उनसे वसूली करता था। वह जेपीएससी की परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी मेसर्स टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (टीडीपीएल) के मार्केटिंग मैनेजर अभय कुमार तिवारी, संचालक रामबीर सिंह के संपर्क में था।
पूर्व में गिरफ्तार अभय कुमार तिवारी के बयान में भी संजीत कुमार का नाम सामने आया था। अभय तिवारी ने बताया था कि संजीत कुमार अभ्यर्थियों से संपर्क करता है और उन्हें परीक्षा पास कराने के एवज में रुपये लेता है।
अब सीआईडी संजीत कुमार से यह जानकारी जुटाएगी कि उसने कितने छात्रों से कितनी राशि ली और कितनों को सफल कराया। ली गई राशि कहां-कहां बंटी। इन सभी बिंदुओं पर सीआइडी उससे जानकारी जुटाएगी।
आसनसोल में अभ्यर्थियों को रटवाया था गिरफ्तार दिलीप कुमार पासवान
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की संयुक्त स्नातक स्तरीय (सीजीएल) परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले में सीआइडी थाना में एक जनवरी 2025 को दर्ज कांड संख्या 01/2025 में ही अप्राथमिकी अभियुक्त दिलीप कुमार पासवान की गिरफ्तारी हुई है।
वह वर्तमान में पश्चिम बंगाल के नवकाडिया थाना क्षेत्र के केंदा स्थित ईस्ट केंदा कालोनी का रहने वाला है। वह मूल रूप से बिहार के जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र के खड़ाईच स्थित नवकाडीह गांव का रहने वाला है। सीआइडी ने छानबीन में पाया है कि दिलीप कुमार पासवान ने जेएसएससी सीजीएल परीक्षा से जुड़े करीब चार-पांच अभ्यर्थियों को आसनसोल के एक होटल में प्रश्न व उत्तर रटवाया था।
इसके एवज में उसने अभ्यर्थियों से रुपये भी वसूले थे। सीआइडी ने छानबीन में वित्तीय लेन-देन सहित अन्य ठोस सबूत भी जुटाया है। दिलीप कुमार पासवान के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद ही उसे रांची में पूछताछ के लिए बुलाया गया था।
पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद उसकी गिरफ्तारी की गई है। अब सीआइडी उससे यह जानकारी जुटाएगी कि उसने अभ्यर्थियों से वसूली गई राशि को कहां-कहां पहुंचाया।
