विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जेपीएससी घोटाले में कई कोचिंग संचालक एजेंट की भूमिका में, अभ्यर्थियों की सेटिंग कराते थे; दो गिरफ्तार

Published: Tue, 15 Sep 2026 07:02 PM (IST)

झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की परीक्षाओं में कथित अनियमितता, पेपर लीक व ओएमआर शीट में हेराफेरी के मामले में ...और पढ़ें

पूर्व में पतंजलि कोचिंग के रवि कुमार ने किया था आत्मसमर्पण, शिवांगन कोचिंग का संजीत कुमार हुआ था गिरफ्तार।

पूर्व में पतंजलि कोचिंग के रवि कुमार ने किया था आत्मसमर्पण, शिवांगन कोचिंग का संजीत कुमार हुआ था गिरफ्तार।

HighLights

  1. जेपीएससी परीक्षाओं में अनियमितता को लेकर कोचिंग संचालकों की भूमिका संदिग्ध।

  2. रवि कुमार और संजीत कुमार नामक दो कोचिंग संचालक गिरफ्तार।

  3. सीआईडी अब गिरफ्तार संचालकों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की परीक्षाओं में कथित अनियमितता, पेपर लीक, ओएमआर शीट में हेराफेरी व अभ्यर्थियों की सेटिंग तक में झारखंड के कई कोचिंग संचालकों की भूमिका संदिग्ध है। ऐसे कोचिंग संचालक एजेंट की भूमिका में रहे हैं जो अभ्यर्थियों की सेटिंग कराते रहे हैं।

जेपीएससी से जुड़े सीआईडी थाना कांड संख्या 16/2026 की जांच कर रही सीआईडी को अब तक गिरफ्तार आरोपितों ने राज्य के कई कोचिंग संचालकों के बारे में जानकारी दी है, जिसके बाद से ही सीआइडी उनकी तलाश कर रही है। छानबीन में खुद को घिरत देख पिछले दिनों पतंजलि आइएएस एकेडमी नामक कोचिंग के संचालक रवि कुमार ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था।

इसके बाद सीआईडी ने रांची के सरकुलर रोड की एक प्रसिद्ध कोचिंग शिवांगन की पाठशाला के संचालक संजीत कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इन कोचिंग संचालकों के अलावा कई अन्य आरोपित भी हैं, जो कोचिंग के संचालन से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हैं और सीआइडी के रडार पर हैं। ये जेपीएससी की परीक्षाओं की सेटिंग में एजेंट की भूमिका में थे।

इन आरोपितों में नामकुम का रहने वाला आदित्य पांडेय, टाटीसिलवे का पवन कुमार सिंह, हमीदगंज पलामू का संतोष कुमार सिंह, बोकारो सेक्टर तीन का सानंद प्रकाश, कोर्रा हजारीबाग का लालू कुमार यादव व बेंगाबाद गिरिडीह का सौरभ कुमार पांडेय शामिल है। सभी आरोपितों की तलाश तेज है।

अब दोनों कोचिंग संचालकों को भी रिमांड पर लेने की है तैयारी

सीआईडी अब दोनों कोचिंग संचालकों रवि कुमार व संजीत कुमार को रिमांड पर लेने की तैयारी में है। इन कोचिंग संचालकों का बयान लिया जाना है। सीआइडी इनसे यह जानकारी जुटाएगी कि इन संचालकों ने कितने अभ्यर्थियों की सेटिंग कराई, कितने के लेन-देन हुए।

अभ्यर्थियों को कौन-कौन सी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। उनसे वसूली गई राशि कहां-कहां पहुंचीं। सीआईडी उन अभ्यर्थियों का भी बयान लेगी, जिनका कोचिंग संचालकों ने सेटिंग कराया था। पूरे सिंडिकेट की जानकारी के बाद सीआइडी फिर सिंडिकेट के अन्य सार्थियों को भी गिरफ्तार करेगी।