इस वर्ष JPSC से नई नियुक्ति के आसार नहीं, 21 जुलाई से ठप है प्रक्रिया
झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) में इस वर्ष नई नियुक्तियों की संभावना नहीं है। अध्यक्ष और सदस्यों के पद रिक्त ...और पढ़ें

21 जुलाई से ही झारखंड लोक सेवा आयोग में ठप है नियुक्ति प्रक्रिया।
HighLights
21 जुलाई से जेपीएससी में नियुक्ति प्रक्रिया पूरी तरह ठप है।
अध्यक्ष-सदस्यों के पद रिक्त, इस वर्ष नई नियुक्ति के आसार नहीं।
परीक्षा सुधार हेतु कमेटी गठित, हाईकोर्ट में भी कई मामले लंबित।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) से इस वर्ष नई नियुक्ति होने का कोई आसार नहीं है। आयोग में 21 जुलाई से ही नियुक्ति प्रक्रिया पूरी तरह ठप है। कई प्रक्रियाधीन परीक्षाएं जांच के दायरे में आ चुकी हैं तो कई परीक्षाएं रद भी हो चुकी हैं। इन परीक्षाओं के साथ-साथ नई नियुक्ति परीक्षाओं को लेकर भी संशय की स्थिति बनी हुई है।
जेपीएससी में अध्यक्ष एवं सभी सदस्यों के पद रिक्त हैं। सबसे पहले तो राज्य सरकार को इन पदों पर नियुक्ति करनी है। इसके बाद ही आयोग में परीक्षा प्रक्रियाएं आगे बढ़ सकेंगी। दूसरी तरफ, राज्य सरकार ने परीक्षाओं में गड़बड़ी रोकने के लिए परीक्षा प्रक्रियाओं में व्यापक सुधार की पहल की है।
इसके लिए विकास आयुक्त की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय कमेटी भी गठित की गई है। इस कमेटी की अनुशंसा के बाद उसपर राज्य स्तर पर निर्णय लिया जाएगा। उसपर कैबिनेट की भी सहमति ली जाएगी। इन सभी प्रक्रियाओं में एक से दो माह समय लगने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
इधर, जेपीएससी की 21 परीक्षाओं को रद किए जाने का मामला भी हाई कोर्ट में चल रहा है। इसे लेकर कोर्ट में कई याचिकाएं दाखिल हैं। इन सभी याचिकाओं में आनेवाले न्यायादेश पर भी नियुक्तियां निर्भर करेंगी।
847 पदों पर नियुक्ति का इंतजार
जेपीएससी में कुल 798 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया जा चुका था, जिनमें नियुक्ति होनी थी। इनमें अधिसंख्य पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया विवादित हो गई है। दूसरी तरफ, कुल 847 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन प्रकाशित होना था। बताया जाता है कि विभिन्न विभागों से इन पदों पर नियुक्ति के लिए अधियाचना आयोग को जुलाई माह तक ही मिल चुकी थी।
