बाबूलाल से झामुमो ने पूछे तीखे सवाल, 5000 करोड़ के घोटाले का क्या हुआ?
जेएमएम महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि रघुवर सरकार के कार्यकाल के दौरान 5000 करोड़ के घपले का आरोप लगाया था बाबूलाल ने अब इसपर उनका क्या होगा रूख?
रांची, राज्य ब्यूरो। बाबूलाल के भाजपा में आते ही झामुमो के तेवर तल्ख हो गए हैं। सोमवार को बाबूलाल मरांडी के भाजपा विधायक दल के नेता चुने जाने और झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद झारखंड की सत्ताधारी पार्टी झामुमो ने भाजपा विधायक दल के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी से एक पर एक कई तीखे सवाल दागे। भाजपा विधायक दल के नवनिर्वाचित नेता बाबूलाल मरांडी पर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने कड़ा प्रहार किया है।
रघुवर सरकार के घोटालों की जांच में सहयोग को आगे आएं बाबूलाल : झामुमो
झारखंड मुक्ति मोर्चा ने एक बार फिर बाबूलाल मरांडी पर निशाना साधा है। सोमवार को उन्हें भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद झामुमो ने कई सवाल दागे और उसपर रूख स्पष्ट करने की मांग की। झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टïाचार्य ने कहा कि बाबूलाल मरांडी पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यकाल में 5000 करोड़ के घोटाले की बात करते रहे हैैं। उच्च न्यायालय के भवन निर्माण में गड़बड़ी के वक्त उन्होंने यह दावा किया था। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तमाम घोटालों की जांच करा रहे हैैं। ऐसे में बाबूलाल मरांडी को सदन में इसपर रूख स्पष्ट करते हुए घोटाले की जांच में सहयोग करना चाहिए।
स्थानीयता के लिए 1985 के कट आफ डेट और ढुलू महतो पर भी रूख करें स्पष्ट
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने 1985 का कट आफ डेट स्थानीयता नीति के लिए तय किया था। इसपर भी बाबूलाल मरांडी को अपना रूख स्पष्ट करना चाहिए। बाबूलाल मरांडी ने अपने शासनकाल में डोमिसाइल नीति तय की थी। उन्हें बताना चाहिए कि स्थानीयता के लिए 1985 का कट आफ डेट उन्हें स्वीकार्य है कि नहीं? उन्हें मॉब लिंचिंग के आरोपितों को तत्कालीन केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा के महिमामंडन पर भी स्थिति स्पष्ट करना चाहिए।
ढूलू महतो पर रुख स्पष्ट करें बाबूलाल
बाबूलाल मरांडी बाघमारा के भाजपा विधायक ढुलू महतो के बारे में भी अपना रूख स्पष्ट करें। ढुलू महतो पुलिस से भागे-भागे फिर रहे हैैं। उनपर यौनाचार का आरोप है और बाबूलाल मरांडी उनके नेता हैैं। जिस प्रकार रैयतों की जमीन रघुवर सरकार में लूटी गई, उसपर जांच की मांग बाबूलाल मरांडी को विधानसभा में करना चाहिए। आरोप लगाया कि बाबूलाल मरांडी जनमत का अपमान कर भाजपा विधायक दल के नेता बने हैैं। भाजपा के पाप को ढोने वाला बाहर से लाना पड़ा। बाबूलाल मरांडी ने झारखंड की बुनियाद में मट्ठा डाला था। झारखंड की खराब स्थिति के लिए सबसे ज्यादा दोषी बाबूलाल हैैं।
पार्टी महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने पूछा कि रघुवर सरकार के कार्यकाल के दौरान 5000 करोड़ के घपले का आरोप लगाया था बाबूलाल ने, अब इसपर उनका क्या होगा रूख? क्या बाबूलाल जी रघुवर सरकार के घोटाले की जांच करा रही हेमंत सरकार का समर्थन करेंगे। झामुमो की ओर से पूछा गया कि बाबूलाल जी को क्या स्थानीयता के लिए 1985 का कट आफ डेट स्वीकार्य है ?