झामुमो की गढ़वा जिला कार्यसमिति भंग: शंभू राम निलंबित, नई समिति का होगा गठन; धनबाद में भी बदलाव
झामुमो ने गढ़वा जिला कार्यसमिति को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है और 17 सदस्यीय संयोजक मंडली का गठन ...और पढ़ें

गढ़वा में फिलहाल 17 सदस्यीय संयोजक मंडली की देखरेख में होगा काम
HighLights
झामुमो ने गढ़वा जिला कार्यसमिति को तत्काल प्रभाव से भंग किया।
निवर्तमान जिलाध्यक्ष शंभू राम भाजपा विधायक संग वायरल वीडियो पर निलंबित।
धनबाद महानगर कार्यसमिति में भी हुए मामूली संगठनात्मक फेरबदल।
राज्य ब्यूरो, रांची। झामुमो के शीर्ष नेतृत्व ने गढ़वा की जिला कार्यसमिति को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। कार्यसमिति की जगह 17 सदस्यीय संयोजक मंडली का गठन किया गया है जो फिलहाल गढ़वा में संगठन का कामकाज देखेगी।
संयोजक मंडली के सदस्य गढ़वा के सारे प्रमुख नेताओं से सलाह मशविरा कर नई कार्यसमिति की सूची तैयार करेंगे। 15 दिनों के भीतर जिला कार्यसमिति की नई सूची केंद्रीय नेतृत्व को सौंपने का निर्देश दिया गया है। तत्पश्चात इस पर केंद्रीय नेतृत्व के स्तर से अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
गढ़वा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष शंभू राम की विपक्षी दल भाजपा के विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी के साथ मेलजोल का वीडियो और तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुई थी। गढ़वा के कुछ नेताओं ने शंभू राम के खिलाफ पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से इसकी शिकायत की थी।
इसके बाद शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने तत्काल प्रभाव से शंभू राम को निलंबित किया था। उनके खिलाफ लगे आरोपों की जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति का गठन किया गया था।
इसमें तनवीर आलम, मोहम्मद ताहिर अंसारी, जवाहर पासवान, राजकिशोर यादव और लल्लू राम शामिल थे। जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को भेज दी है। गढ़वा के अधिकतर नेताओं और कार्यकर्ताओं ने निवर्तमान जिलाध्यक्ष शंभू राम की शिकायत की है।
संयोजक मंडली में ये सब
पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर, अनंत प्रताप देव, मोहम्मद ताहिर अंसारी, तनवीर आलम, मनोज ठाकुर, शंभू चंद्रवंशी, धीरज कुमार दुबे, नितेश कुमार सिंह, राजकिशोर यादव, जेपी मिंज, शांति देवी, अंजली गुप्ता, जवाहर पासवान, संजीव कुमार भुइयां, कामेश्वर बैठा, मोहम्मद जैनुल आबेदिन खान उर्फ मदनी और धर्मराज पासवान।
धनबाद की झामुमो महानगर कार्यसमिति में मामूली फेरबदल
झामुमो ने धनबाद महानगर कार्यसमिति में मामूली फेरबदल किया है धनबाद महानगर समिति की अनुशंसा के आधार पर महानगर उपाध्यक्ष का दायित्व संभाल रहे बंटी सिंह को अब महानगर सचिव की जवाबदेही दी गई है। केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय द्वारा सोमवार को निर्गत कार्यालय आदेश में कहा गया कि अबु तारिक को महानगर उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है।
बंटी सिंह और अबु तारिक को निर्देश दिया गया कि अनुशासन की परिधि में रहते हुए कार्यकर्ताओं के साथ समधुर संपर्क स्थापित करें। फिलहाल मंटू कुमार चौहान धनबाद महानगर समिति के अध्यक्ष हैं।
