झामुमो ने गिरिडीह मेयर के जाति प्रमाण पत्र को बताया फर्जी, पद से हटाने की मांग की Ranchi News
झारखंड मुक्ति मोर्चा ने कहा है कि भाजपा के राज में जाति घोटाला हो रहा है। कहा कि जांच के अलावा हाई कोर्ट ने भी इस बाबत उनके खिलाफ निर्णय किया है।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने गिरिडीह के मेयर सुनील कुमार पासवान को पद से हटाकर नए सिरे से चुनाव कराने की मांग की है। महासचिव सुप्रियो भट्टचार्य के मुताबिक मेयर ने गलत जाति प्रमाणपत्र के आधार पर चुनाव लड़ा और जांच के अलावा हाई कोर्ट ने भी इस बाबत उनके खिलाफ निर्णय किया है। इसके बावजूद वे पद पर बने हुए हैैं। सुप्रियो ने कहा कि उम्मीदवारी के वक्त भी झारखंड मुक्ति मोर्चा ने उनके जाति प्रमाणपत्र को फर्जी बताया था।
आदिवासी कल्याण आयुक्त ने उनके जाति प्रमाणपत्र को फर्जी करार दिया। वे इस राज्य के स्थायी निवासी नहीं हैं और बिहार के निवासी हैैं। उनको अनुसूचित जाति का आरक्षण नहीं दिया जा सकता है। इसी बहाने झामुमो ने मुख्यमंत्री रघुवर दास पर भी निशाना साधा। कहा, सीएम भी खुद खतियानी नहीं हैैं। उन्होंने स्थानीयता की परिभाषा बदली। नियोजन से लेकर अन्य नीतियों में घपला किया।
उग्रवादी हिंसा के लिए सीएम दोषी
झामुमो ने उग्रवादी हिंसा को लेकर मुख्यमंत्री रघुवर दास पर दोष मढ़ा। सुप्रियो भट्टचार्य ने कहा कि मुख्यमंत्री को प्रशासनिक कामकाज में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। वे सिमडेगा के उग्रवाद प्रभावित इलाकों में खुद कड़ी सुरक्षा में जाते हैैं और उनके खिलाफ बड़े-बड़े दावे करते हैैं। उसके बाद दशम घाटी में जवान शहीद हो जाते हैैं तो मुख्यमंत्री श्रद्धांजलि तक देने नहीं जाते।