यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 09, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
JMM Candidates List : झामुमो ने दो सीट पर उतारे प्रत्याशी, सिंहभूम में गीता कोड़ा के सामने होंगे ये नेता
लोकसभा चुनाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने मंगलवार को और दो सीटों पर उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर ...और पढ़ें

HighLights
- आइएनडीआइए से पांच सीटों पर अभी तक प्रत्याशी की घोषणा नहीं
- झामुमो ने इससे पहले गिरिडीह तथा दुमका सीट पर दे चुका प्रत्याशी
राज्य ब्यूरो, रांची। JMM Candidates List झारखंड मुक्ति मोर्चा ने मंगलवार को दो सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। पार्टी ने सिंहभूम सीट पर पूर्व मंत्री जोबा मांझी को टिकट दिया है। इस तरह कांग्रेस से भाजपा में गईं गीता कोड़ा के विरुद्ध जोबा मांझी चुनाव मैदान में होंगी।
गीता कोड़ा को भाजपा ने पहले ही टिकट दे दिया है। झामुमो ने वर्तमान सांसद विजय हांसदा पर विश्वास रखते हुए उन्हें इस बार भी राजमहल संसदीय सीट पर टिकट दिया है।
झामुमो ने पहले ही गिरिडीह तथा दुमका सीट पर अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। पार्टी ने दोनों सीटों पर क्रमश: मथुरा महतो तथा नलिन सोरेन को प्रत्याशी बनाया है।
इस तरह झामुमो ने चार सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। सिर्फ जमशेदपुर सीट पर प्रत्याशी की घोषणा अभी नहीं हो पाई है।
कांग्रेस ने हजारीबाग, खूंटी तथा लोहरदगा में प्रत्याशी उतारे
आइएनडीआइए के तहत झामुमो को पांच सीटें मिलने की बात कही जा रही है। सियासी गलियारों में चर्चा है कि सात सीटें कांग्रेस तथा एक-एक सीट भाकपा माले तथा राजद को मिली है। हालांकि, अभी तक सीट शेयरिंग की विधिवत घोषणा नहीं हुई है।
कांग्रेस ने हजारीबाग, खूंटी तथा लोहरदगा में अपने प्रत्याशी की घोषणा की है, जबकि पार्टी रांची, चतरा, गोड्डा तथा धनबाद सीट पर अभी तक प्रत्याशी की घोषणा नहीं कर सकी है।
भाकपा माले ने कोडरमा में वर्तमान विधायक विनोद कुमार सिंह तथा राजद ने पलामू में ममता भुइयां को टिकट दिया है। चतरा सीट को लेकर कांग्रेस और राजद में जिच भी बना हुआ है। राजद इस सीट पर अपना दावा ठोक रहा है।
