बदलाव रैली के लिए झामुमो को नहीं मिला मनपसंद मैदान, रघुवर सरकार पर निशाना Ranchi News
रामकुमार पाहन ने कहा कि जिप्सोवा ने मैदान के लिए पहले आवेदन दिया था। इसे आधार बनाकर प्रशासन ने मैदान जिप्सोवा को दिया है
रांची, जेएनएन। झामुमो को 'बदलाव रैली' के लिए मोरहाबादी मैदान नहीं मिलने के बाद दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने मैदान न मिलने के लिए सरकार को निशाने पर लिया है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा है कि झामुमो मैदान के नाम पर गलत बयानबाजी कर रहा है। अब 19 अक्टूबर की प्रस्तावित बदलाव रैली रांची के हरमू मैदान में होगी।
झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने प्रशासन पर सरकार के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जानबूझ कर झामुमो को मैदान उपलब्ध नहीं कराया गया। वहीं, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष रामकुमार पाहन ने कहा कि झामुमो घट रहे जनाधार से घबराकर अनर्गल बयानबाजी कर रहा है।
पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर मिला मैदान
रामकुमार पाहन ने कहा कि जिप्सोवा ने एक अगस्त को मोरहाबादी मैदान में बुकिंग के लिए आवेदन दिया था, जबकि झामुमो ने सारी बातों को जानने के बावजूद आठ अगस्त को आवेदन दिया। पहले आवेदन करने को आधार बनाकर प्रशासन ने मैदान जिप्सोवा को दिया है। झामुमो को प्रशासन ने 16 अगस्त को इस बारे में सूचना भी दे दी थी कि मैदान नियमानुकूल आवंटित किया जा चुका है। बावजूद इसके, मैदान को लेकर बयानबाजी की जा रही है। इधर, राजधानी में होने वाली रैली को लेकर झामुमो ने तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी कार्यकर्ता रैली को सफल बनाने के लिए घर-घर जा रहे हैं। वहीं, सोशल मीडिया पर भी रैली को लेकर प्रचार प्रसार किया जा रहा है।