सज-धजकर बैठी रही दुल्हन, दूल्हा नहीं लाया बरात; झारखंड में महुआ के पेड़ की वजह से टूटी शादी
गढ़वा के धुरकी में एक दुल्हन बरात का इंतजार करती रह गई, लेकिन दूल्हा जमीन और महुआ पेड़ के विवाद ...और पढ़ें

छोटे से विवाद में टूट गई शादी। ग्राफिक्स एआई जनरेटेड

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, धुरकी (गढ़वा)। गढ़वा जिला अंतर्गत धुरकी थाना क्षेत्र के करवा पहाड़ गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि दुल्हन और अपने परिवार-समाज के लोगों के साथ दरवाजे पर बरात आने की इंतजार में बैठी रही, लेकिन दूल्हा और उसके परिवार वाले बरात लेकर नहीं पहुंचे। इस मामले (Groom skips Baraat Jharkhand) को लेकर लड़की के पिता ने धुरकी थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, धुरकी थाना के करवा पहाड़ गांव निवासी रिजवान अंसारी ने अपनी पुत्री शैदा खातून की शादी गांव के ही सहबान अंसारी के पुत्र असदमुद्दीन अंसारी के साथ तय की थी।
रिजवान अंसारी ने सहबान अंसारी को तिलक के रूप में एक लाख रुपया नगद दिया और दोनों परिवारों की रजामंदी के बाद शादी के लिए 3 मई की तारीख मुकर्रर की थी, परंतु रविवार को वर पक्ष वाले बरात की तारीख को बरात लेकर नहीं पहुंचे।
लड़की के पिता ने दर्ज कराई FIR
लड़की के पिता का कहना है कि शादी का कार्ड छपवा कर गांव-घर सहित नाते रिश्तेदार में वितरण हो चुका था। साथ ही विवाह के उपलक्ष्य में आयोजित प्रीतिभोज का भी आयोजन हुआ था। लोग बरात आने का सारी रात इंतजार करते रहे, लेकिन वर पक्ष के लोग बरात लेकर नहीं पहुंचे।
उन्होंने दूल्हा के पिता सहबान अंसारी पर एक लाख नगद लेकर विवाह नहीं करने तथा पैसा नहीं लौटाने का आरोप लगाते हुए थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही दूल्हा के पिता सहबान अंसारी पर जमीन संबंधी विवाद करने का भी आरोप लगाया है।
जमीन को लेकर हुआ था विवाद
ग्रामीणों का कहना है कि दोनों पक्ष के बीच शादी तय होने के बाद जमीन तथा महुआ के पेड़ को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ था। जिसको लेकर एक बैठक भी हुई थी, परंतु बैठक का कोई सकारात्मक प्रभाव वर पक्ष के लोगों पर नहीं पड़ा।
नतीजा रहा कि निर्धारित तिथि को बरात नहीं पहुंच पाया। फलस्वरुप लड़की सहित कन्या पक्ष के लोगों के सारे अरमानों पर पानी फिर गया। इस घटना के बाद से दुल्हन के साथ-साथ उसके परिवार के लोगों की तबीयत खराब बताई जा रही है।
इस मामले को लेकर दूल्हे के पिता सहबान अंसारी ने कहा कि बरात जाना तय हुआ था, परंतु लड़की पक्ष के लोगों का रवैया संतोषजनक नहीं होने के कारण बरात नहीं गई। इसके लिए उन्होंने दुल्हन पक्ष के लोगों को कसूरवार बताया है।
दुल्हन के पिता की ओर से बरात नहीं पहुंचने को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। -जनार्दन रावत, थाना प्रभारी, धुरकी।
