Weather Update: झारखंड में झमाझम बारिश से 10 डिग्री गिरा पारा, 16 जिलों में आंधी-बिजली का ऑरेंज अलर्ट
Jharkhand Weather Update: झारखंड में हुई झमाझम बारिश से तापमान में 7 से 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की ...और पढ़ें

झारखंड का मौसम। ग्राफिक्स एआई जनरेटेड

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, रांची। Jharkhand Weather Alert: शनिवार को अचानक उमड़ घुमड़ आए काले बादल ने राजधानी रांची समेत आसपास के क्षेत्रों में राहत की वर्षा की है। इस वर्षा ने राजधानी रांची समेत पूरे राज्य के तापमान में 7 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट की है। विशेषकर तप रहे उत्तर पश्चिमी क्षेत्र के जिलों पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में भी हीटवेव से राहत मिली है।
इन जिलों का तापमान भी गिरा है। तेज हवा और मेघगर्जन के साथ हुई वर्षा से पूरा शहर पानी पानी हो गया। अधिकांश जगहों पर जलजमाव की समस्या सामने आई तो नाले का गंदा पानी उफनकर बाहर निकलने लगा।इससे आमजनों को भले ही काफी परेशानी का सामना करना पड़ा, लेकिन वर्षा ने गर्मी से राहत अवश्य दी।
तापमान में बदलाव की संभावना नहीं
तापमान गिरने से तपती गर्मी से राहत मिली और मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी Jharkhand Weather Forecast में भी बताया गया कि अगले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
मसलन जो तापमान अभी दर्ज किया गया है, वहीं अगले 24 घंटे तक बना रहेगा। हालांकि, इसके बाद अगले चार दिनों तक यानी 1 से 4 जून तक तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि की संभावना भी जताई गई है।
16 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
पूर्वानुमान में बताया गया कि राज्य के उत्तर पूर्वी हिस्से यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, गिरिडीह और साहिबगंज के अलावा निकटवर्ती मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, खूंटी, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद के कुछ हिस्सों में 50 से 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा के बहने और मेघगर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है, इसे लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कहीं-कहीं यह स्थिति 5 जून तक बनी रहेगी, इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
ऐसा रहा मौसम
पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य में अधिकांश जगहों पर हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा हुई। सबसे अधिक वर्षापात 34.5 मिमी धनबाद के तोपचांची में रिकार्ड किया गया।
वहीं, सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस डाल्टनगंज का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस रांची के नामकुम का रिकार्ड किया गया।
वहीं, राजधानी रांची का अधिकतम 27.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि पूरे राज्य में अगले 24 घंटे तक अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले चार दिनों तक यानी 1, 2, 3 और 4 जून तक अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।
ऐसा रहेगा रांची में अगले चार दिनों का तापमान
31 मई : अधिकतम 30 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस
1 जून : अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस
2 जून : अधिकतम 34 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस
3 जून : अधिकतम 35 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस
